नौतनवा के श्याम मंदिर में स्वच्छता अभियान, बृजेश मणि त्रिपाठी ने संभाली कमान

नौतनवा के श्री श्याम मंदिर परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान चला। नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी की अगुवाई में सफाई और छिड़काव कराया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: महराजगंज के नौतनवा में बुधवार को श्री श्याम मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में जनभागीदारी देखने को मिली। नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी की अगुवाई में सभासदों, मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों और पालिका कर्मचारियों ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

मंदिर परिसर में चला सफाई अभियान

अभियान के दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर और आसपास के हिस्सों की सफाई की गई। लंबे समय से उपेक्षित ब्लैक स्पॉट की भी सफाई कराई गई। इसके बाद संबंधित स्थानों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया, ताकि गंदगी के साथ-साथ संक्रमण और मच्छरों के खतरे को भी कम किया जा सके।

पालिका अध्यक्ष ने जनभागीदारी पर दिया जोर

नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को देशभर में स्वच्छता पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने स्वच्छता अभियानों को प्रभावी बनाने के लिए लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंदिर कमेटी के सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग किया।

सभासदों और कर्मचारियों ने संभाली जिम्मेदारी

कार्यक्रम में ईओ संदीप कुमार सरोज के अलावा सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, सुरेंद्र बहादुर जायसवाल, अभय कुमार, लल्लू जायसवाल, अनिल जायसवाल और दिनेश खेतान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पवन बेरीवाल समेत पालिका कर्मचारी और मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने भी सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में शराब लदे टेंपो का कहर! बाइक सवार युवक को मारी जोरदार टक्कर

Related Articles

Back to top button