टी20 विश्व कप में उलटफेर करने से चूका नेपाल

- सैम करन के निर्णायक ओवर से इंग्लैंड ने चार रन से जीता मैच
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
वानखेड़े। सैम करन की कसी हुई गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने नेपाल को चार रन से हरा दिया। रविवार को टी20 विश्व कप का पांचवां मुकाबला वानखेड़े में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 184 रन बनाए। जवाब में नेपाल की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर 180 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। बेथेल (55) और कप्तान (53) ने चौथे विकेट के लिए 71 रनों की अहम साझेदारी कर इंग्लैंड की पारी को संभाला।
इससे पहले नेपाल ने फिल सॉल्ट (1) को सस्ते में आउट किया। इसके बाद जोस बटलर (26) का भी जल्द विकेट गिर गया। नेपाल की ओर से गेंदबाजों ने ज्यादा ढीली गेंदें नहीं फेंकी और उन्होंने अच्छा अनुशासन दिखाया।इंग्लैंड ने आखिरी तीन ओवरों में 45 रन जोड़े। वहीं नेपाल को पहला झटका आसिफ शेख (7) के रूप में जल्दी लगा, लेकिन इसके बाद कप्तान रोहित पॉडेल (39) और दीपेंद्र सिंह ऐरी (39) ने तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला। अंतिम ओवरों में लोकेश बाम ने नेपाल को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। उन्होंने 20 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए। 18वें ओवर में उन्होंने आर्चर पर दो छक्के लगाए और 19वें ओवर में ल्यूक वुड पर लगातार दो चौके जमाए। आखिरी ओवर में नेपाल को 10 रन चाहिए थे, लेकिन सैम करन की सटीक यॉर्कर गेंदबाजी के सामने नेपाल सिर्फ 5 रन ही बना सका और मैच 4 रन से हार गया।
श्रीलंका ने जीत से की अभियान की शुरुआत
कोलंबो। टी20 विश्वकप 2026 का छठा मुकाबला कोलंबो में ग्रूप बी की श्रीलंका और आयरलैंड की टीमों के बीच खेला गया। इस मैच में श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया। कामिंदु मेंडिस की तूफानी पारी और कुसल मेंडिस के संयमित अर्धशतक की बदौलत श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में आयरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 143 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और शुरुआती ओवरों में उसका फैसला सही साबित होता दिखा। श्रीलंका की शुरुआत लडख़ड़ाई और टीम ने पहले 4 ओवर में सिर्फ 28 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन 16वें ओवर में हसरंगा ने टेक्टर को आउट कर दिया, जो आयरलैंड की पारी का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद आयरलैंड की पारी पूरी तरह बिखर गई और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए। श्रीलंका के स्पिन गेंदबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन किया।



