हरे मटर से बनाएं शाही बर्फी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
सर्दी के मौसम में रसोई में घी की खुशबू, धीमी आंच और मिठास की परंपरा लौट आती है। बरसों सर्दियों में मिठास घोलने का काम पारंपरिक गाजर का हलवा करता आ रहा है। इस मौसम में गाजर की बहार आ जाती है। अधिकतर भारतीय घरों में ठंड के मौसम में गाजर का हलवा बनता है लेकिन अगर हर साल उसी पारंपरिक गाजर के हलवे के स्वाद से ऊब चुके हैं तो इस बार सर्दियों की दूसरी लोकप्रिय सब्जी से मिठाई बनाएं। सर्दियों में गाजर के अलावा हरे मटर भी खूब देखने को मिलते हैं। हरे मटर से बनी शाही मटर बर्फी देसी, स्वादिष्ट और सेहतमंद मिठाई हो सकती है। मटर, जिसे हम सब्ज़ी या परांठे तक सीमित रखते हैं, वही मटर जब खोया, दूध और घी के साथ मिलती है तो एक ऐसी बर्फी बनती है जो रंग में पिस्ता सी, स्वाद में शाही और बनावट में बिल्कुल बाजार जैसी लगती है।

सामग्री

छिले हुए हरे मटर- दो कप, फुल क्रीम दूध- आधा कप, खोया (मावा)- एक कप, चीनी- 3/4 कप स्वादानुसार, देसी घी- 4 बड़ा चम्मच, इलायची पाउडर- आधा चम्मच, पिस्ता/काजू कटे हुए- गार्निश के लिए।

विधि

छिले हुए हरे मटर को धोकर थोड़े से दूध के साथ मिक्सी में बारीक पेस्ट बना लें। पेस्ट जितना स्मूद होगा, बर्फी उतनी ही स्वादिष्ट बनेगी। कढ़ाही में देसी घी गर्म करें। अब इसमें मटर का पेस्ट डालकर मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें।
यह चरण सबसे अहम है जब तक कच्चे मटर की खुशबू खत्म न हो जाए। अब इसमें खोया डालें और अच्छे से मिलाएं। जब खोया गलकर मटर के मिश्रण में समा जाए, तब चीनी डालें। मिश्रण गाढ़ा होकर कढ़ाही छोडऩे लगे, तब इलायची पाउडर डालें और एक दो मिनट और पकाएं।
तब तक एक थाली में घी लगाकर फैला लें। गैस बंद करके चिकनी थाली में इस मिश्रण को फैलाएं। ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालें। हल्का ठंडा होने पर मनचाहे आकार में काट लें।

सेहत का खजाना है खसखस का हलवा

सर्दियों के मौसम में शरीर को ज्यादा पोषण की आवश्यता होती है। ठंड में ऊर्जा, गर्माहट और मज़बूती के लिए खसखस (पोस्ता) का सेवन लाभदायक हो सकता है। आमतौर पर सर्दियों में भारतीय किचन गाजर का हलवा या मूंग दाल हलवा तक सीमित रह जाते हैं, लेकिन खसखस का हलवा स्वाद और सेहत, दोनों में उनसे कहीं आगे है। आयुर्वेद में खसखस को तासीर में गर्म, नसों को मजबूत करने वाला और दिमाग को शांत रखने वाला माना गया है। इसमें मौजूद कैल्शियम, आयरन और हेल्दी फैट्स सर्दियों में शरीर को भीतर से मजबूत बनाते हैं। खास बात यह कि खसखस का हलवा सिर्फ मीठा व्यंजन नहीं, बल्कि ऊर्जा और संतुलन देने वाला देसी टॉनिक है। एक बार सही तरीके से बना लिया तो इसका नर्म स्वाद और खुशबू आपको गाजर या मूंग के हलवे को भूलने पर मजबूर कर देगी।

खसखस खाने के फायदे

शरीर को अंदर से गर्म रखता है। कमजोरी और थकान में फायदेमंद है। हड्डियों के लिए कैल्शियम का अच्छा स्रोत है। नींद और मानसिक शांति में मदद करता है। स्किन और बालों को पोषण देता है।

सामग्री

खसखस आधा कप, दूध- 2 कप, देसी घी- 3 टेबलस्पून, चीनी या गुड़- स्वादानुसार, इलायची पाउडर- आधा चम्मच, ड्राई फू्रट्स इच्छानुसार।

विधि

खसखस को 4-5 घंटे भिगोकर बारीक पीस लें। कढ़ाही में घी गरम करें, पिसा खसखस डालकर धीमी आंच पर भूनें। खुशबू आने लगे तो दूध डालें और लगातार चलाएं। मिश्रण गाढ़ा होने पर चीनी या गुड़ और इलायची मिलाएं। ड्राई फ्रूट्स डालकर 2-3 मिनट पकाएं। अब गर्मागर्म खसखस का हलवा परोसें।

Related Articles

Back to top button