शिवा को धमकाने का नया ऑडियो आया सामने, आगरा में मिली श्रद्धा की लोकेशन
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी बताई जा रही श्रद्धा दुबे की तलाश जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी बताई जा रही श्रद्धा दुबे की तलाश जारी है। इसी बीच शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे के बीच बातचीत का एक कथित ऑडियो सामने आया है।
इस ऑडियो को लेकर मामले में एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। दावा किया जा रहा है कि रिकॉर्डिंग में श्रद्धा दुबे, शिवा शर्मा के साथ गाली-गलौज करती और उन्हें धमकी देती सुनाई दे रही है। हालांकि, इस ऑडियो की पुष्टि और इसकी वास्तविकता को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
वहीं, पुलिस श्रद्धा दुबे की तलाश में जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, उसकी आखिरी लोकेशन आगरा के सदर इलाके में मिली है। इस जानकारी के बाद लखनऊ पुलिस की एक टीम आगरा के लिए रवाना हुई है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
श्रद्धा दुबे पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह लखनऊ से आगरा कैसे पहुंची और इस दौरान कहां-कहां रुकी. लखनऊ से आगरा के बीच टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. इस मामले में आगरा पुलिस से भी मदद मांगी गई है.
श्रद्धा और शिवा की बातचीत का ऑडियो वायरल
वायरल ऑडियो में श्रद्धा दुबे कथित तौर पर शिवा शर्मा को गाली देते हुए धमका रही है.श्रद्धा कथित तौर पर कहती है, ‘ तू फट्टू है… चलो मैं तुम्हारे घर की तरफ आ रही हूं. तुम्हारे गेट के सामने बात करती हूं. तुम पंटर बटोर रहे हो.
पूरा शहर हंस रहा है कि कुत्ता बना के मारा मैंने तुझे. जितना इरिटेट करेगा, उतना फैलाती जाऊंगी मैं यह बात. तू इरिटेट कर रहा है. तूने बदतमीजी की. मेरे साथ खिलवाड़ किया है तूने. तुम मुझे डिप्रेस कर रहे हो. मेरा ईगो हर्ट कर रहे हो. ‘ हालांकि, इस ऑडियो की पुष्टि मीडिया नहीं करता है.
आगरा में मिली आखिरी लोकेशन
सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा शनिवार रात लखनऊ पहुंची थी और रविवार सुबह शहर छोड़ दिया. इसके बाद उसका एक वीडियो बयान भी सामने आया था. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि लखनऊ पहुंचने के बाद श्रद्धा कहां रुकी और किन लोगों के संपर्क में थी.
जांच में यह भी सामने आया है कि शहर छोड़ने के बाद श्रद्धा की ओर से अदालत में सरेंडर की अर्जी दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी की गई थी. पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रही है. हालांकि, उसकी मौजूदा लोकेशन और सरेंडर से जुड़ी प्रक्रिया की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है.
शिवा की मौत के बाद दर्ज हुई थी FIR
यह मामला 9 अक्टूबर 2026 का है. लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी. अगले दिन, 10 अक्टूबर को शिवा की मां की शिकायत पर श्रद्धा दुबे और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी.
परिवार ने श्रद्धा पर ब्लैकमेलिंग और हत्या में शामिल होने के आरोप लगाए हैं. दूसरी ओर, श्रद्धा ने अपने वीडियो बयान में इन आरोपों को खारिज करते हुए शिवा की मौत को आत्महत्या बताया था. मामले में पुलिस जांच जारी है.



