बरेली: श्रावण मास में कोई लापरवाही नहीं, कांवड़ शिविर से लेकर घाट तक सख्त निगरानी
श्रावण मास 2026 की कांवड़ यात्रा को लेकर DIG अजय कुमार साहनी ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर पुलिस को 6 बड़े निर्देश दिए। CCTV, रूट डायवर्जन, एंबुलेंस और SDRF की विशेष व्यवस्था रहेगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए बरेली परिक्षेत्र पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अजय कुमार साहनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर छह अहम दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कांवड़ शिविरों पर रहेगी कड़ी निगरानी, CCTV और ID अनिवार्य
DIG ने निर्देश दिए कि सभी कांवड़ शिविर प्रशासन की अनुमति के बाद ही लगाए जाएंगे। शिविर सड़क से सुरक्षित दूरी पर और हाईवे के बाईं ओर स्थापित होंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सड़क पार न करनी पड़े। प्रत्येक शिविर में CCTV कैमरे, सेवादारों के पहचान पत्र, महिलाओं के लिए वाशरूम और विश्राम कक्ष, अग्निशमन यंत्र तथा सर्पदंश से बचाव के इंतजाम अनिवार्य होंगे।
रूट डायवर्जन, एंबुलेंस और घाटों पर SDRF की तैनाती
पूरे कांवड़ मार्ग को सुपर जोन, जोन और सेक्टर में विभाजित कर पुलिस की पैदल और बाइक गश्त बढ़ाई जाएगी। चारों जिलों में संयुक्त रूट डायवर्जन प्लान लागू होगा और आम लोगों को समय-समय पर इसकी जानकारी दी जाएगी। कांवड़ मार्ग पर मोटर बाइक एंबुलेंस, अस्पतालों में आरक्षित बेड और दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत के लिए विशेष टीमें तैनात रहेंगी। वहीं कछला, अटैना, भुण्डी और धनौरा घाट पर SDRF, फ्लड PAC, गोताखोर, नाव और लाइफ जैकेट की व्यवस्था की जाएगी।
मंदिरों और कांवड़ मार्ग पर रहेगी हाईटेक निगरानी
बरेली के सातों नाथ मंदिरों समेत प्रमुख शिवालयों में बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। कांवड़ मार्ग पर लगे CCTV और IP कैमरों की निगरानी सीधे परिक्षेत्र कार्यालय की कांवड़ सेल करेगी। DIG अजय कुमार साहनी ने सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना
यह भी पढ़ें: सीतापुर में दर्दनाक हादसा, दो बाइकों की टक्कर ने 15 साल के किशोर की ले ली जान



