सीतापुर में दर्दनाक हादसा, दो बाइकों की टक्कर ने 15 साल के किशोर की ले ली जान

सीतापुर के महमूदाबाद में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के महमूदाबाद क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सदरपुर थाना क्षेत्र के पोखराकलां-दिबियापुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई तेज टक्कर में 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

शेखपुर बाजार जाते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, सदरपुर थाना क्षेत्र के रजपारापुर सुहेला निवासी रोहित (15) अपने मित्र मोहित (16) के साथ बाइक से शेखपुर बाजार जा रहा था। इसी दौरान दिबियापुर की ओर से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मोहित और दूसरी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें : UP TET 2026 आज से शुरू, बरेली में 37 हजार अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन का बड़ा प्लान

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे की सूचना मिलते ही सदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सीएचसी बिसवां भेजा गया। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

रिपोर्ट – वली चौधरी

यह भी पढ़ें: UP TET 2026 आज से शुरू, बरेली में 37 हजार अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन का बड़ा प्लान

Related Articles

Back to top button