कानपुर में आग का तांडव: फूलबाग फल मंडी में भीषण आग, 4 सिलेंडर धमाकों से दहला इलाका

कानपुर के फूलबाग स्थित फल मंडी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग के बीच एक के बाद एक चार गैस सिलेंडर फटने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस हादसे में कई दुकानों का सामान जलकर राख हो गया और व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

4pm न्यूज नेटवर्क: कानपुर के भीड़भाड़ वाले इलाके फूलबाग से सोमवार को एक बड़ी आगजनी की खबर सामने आई। डीएवी ग्राउंड के पास स्थित फल मंडी में अचानक लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों से भर गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।

फूलबाग फल मंडी में लगी भीषण आग

यह घटना फूल बाग फल बाजार की है, जो शहर के व्यस्त बाजारों में गिनी जाती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंडी में अचानक आग भड़क उठी और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही मिनटों में कई फल की दुकानों और खोखों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। बाजार में मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत बाहर की ओर भागने लगे।

सिलेंडर धमाकों से दहला पूरा इलाका

हादसा उस समय और ज्यादा भयावह हो गया जब मंडी के अंदर रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे। बताया जा रहा है कि करीब चार सिलेंडर धमाके के साथ फटे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग भी घबरा गए। आग इतनी तेज थी कि आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन सेवाएँ की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। साथ ही कानपुर  पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फायर फाइटर्स ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर धीरे-धीरे काबू पाया गया। राहत और बचाव का काम काफी देर तक चलता रहा।

लाखों का नुकसान, छोटे व्यापारियों को बड़ा झटका

आग की वजह से मंडी में रखे फल, लकड़ी के खोखे और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फल बेचकर रोजी-रोटी कमाने वाले छोटे व्यापारियों के लिए यह हादसा बड़ा झटका साबित हुआ है। कई दुकानदारों का कहना है कि उनकी पूरी पूंजी इसी मंडी में लगी थी, जो कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई।

फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। पुलिस और प्रशासन अब आग लगने के असली कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या सिलेंडर से जुड़ी किसी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर इतनी बड़ी आग कैसे लगी और इसके पीछे असली वजह क्या थी।

रिपोर्ट: प्रांजुल मिश्रा

यह भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा चूक: आरोपियों की आज कोर्ट में पेशी

Related Articles

Back to top button