भाजपा की बी-टीम के आरोप बकवास: ओवैसी

  • एआईएमआईएम प्रमुख ने कांग्रेस को घेरा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मौलाना आजाद की किताब का हवाला देते हुए भारत के विभाजन के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया और भाजपा की बी-टीम होने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल में केवल 11 सीटों पर चुनाव लडऩे का बचाव करते हुए कांग्रेस और टीएमसी को बाकी सीटों पर भाजपा को हराने की चुनौती दी। ओवैसी ने रविवार को कहा कि 1947 के विभाजन के लिए कांग्रेस भी जिम्मेदार थी, और मुसलमानों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराना गलत है।
गुजरात के लिंबायत में एक रैली को संबोधित करते हुए, ओवैसी ने मौलाना अबुल कलाम (देश के पहले शिक्षा मंत्री) आजाद की पुस्तक इंडिया विन्स फ्रीडम का हवाला देते हुए कहा कि आजाद ने महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू से देश के विभाजन को रोकने की अपील की थी। ओवैसी ने एआईएमआईएम को संवैधानिक सीमाओं के भीतर भाजपा को चुनौती देने में सक्षम पार्टी के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई भाजपा को रोक सकता है और संविधान की सीमाओं के भीतर रहकर, उनकी आंखों में आंखें डालकर उन्हें हमारे अधिकारों को स्वीकार करने के लिए मजबूर कर सकता है, तो वह पार्टी एआईएमआईएम है… यह समय है खड़े होने और अपने अधिकारों का दावा करने का। इससे पहले, आसनसोल में एक रैली में, ओवैसी ने टीएमसी और ममता को निशाना बनाते हुए उन्हें राज्य में भाजपा के उदय के लिए जिम्मेदार ठहराया।

विभाजन के लिए मुसलमान जिम्मेदार नहीं थे

ओवैसी ने कहा कि विभाजन के लिए मुसलमान जिम्मेदार नहीं थे। क्या कांग्रेस पार्टी विभाजन के लिए जिम्मेदार लोगों में शामिल नहीं है? अपनी पुस्तक इंडिया विन्स फ्रीडम में मौलाना आजाद लिखते हैं कि वे गांधी और नेहरू के पास गए और उनसे भारत को विभाजित न होने देने की अपील की। ओवैसी ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को बंगाल में भाजपा की बी टीम कहने के लिए कांग्रेस और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की आलोचना की और अपनी पार्टी द्वारा 11 सीटों पर चुनाव लडऩे को लेकर हो रही आलोचना पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आरोप लगाते हैं कि जब ओवैसी चुनाव लड़ते हैं, तो भाजपा को फायदा होता है।

Related Articles

Back to top button