पंडा समाज का प्रशासन को अल्टीमेटम, चुनाव कराओ वरना होगा बड़ा आंदोलन

मिर्जापुर के विंध्य पंडा समाज ने लंबे समय से लंबित चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। चुनाव न होने पर मुख्यमंत्री से शिकायत और आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर के विश्व प्रसिद्ध विंध्यधाम में श्री विंध्य पंडा समाज के लंबे समय से लंबित चुनाव को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द चुनाव कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र चुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे के दौरान उनसे मिलकर पूरे मामले की शिकायत की जाएगी।

लंबे समय से लंबित चुनाव पर बढ़ा असंतोष

पंडा समाज के प्रतिनिधि शनि दत्त पाठक ने बताया कि वर्ष 1952-53 में स्थापित श्री विंध्य पंडा समाज का उद्देश्य मां विंध्यवासिनी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन, पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों की व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उनका आरोप है कि वैध कार्डधारकों की सूची कई बार प्रशासन को सौंपे जाने के बावजूद चुनाव प्रक्रिया शुरू नहीं की जा रही है, जिससे समाज में असंतोष लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1982-83 में पंडा समाज के सहयोग से विंध्य विकास परिषद का गठन हुआ था, जिसके पदेन अध्यक्ष जिलाधिकारी होते हैं। ऐसे में परिषद और पंडा समाज दोनों के चुनाव समय पर कराना आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि वर्षों से केवल आश्वासन मिल रहा है, जबकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया ठप पड़ी है।

गर्भगृह में रील और वीडियो बनाने पर रोक की मांग

पंडा समाज ने यह भी मांग उठाई कि मां विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भगृह में रील और वीडियो बनाने पर तत्काल रोक लगाई जाए। पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से मंदिर की गरिमा प्रभावित होती है और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं भी आहत होती हैं। उनका मानना है कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के लिए इस दिशा में स्पष्ट नियम लागू किए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री से शिकायत और आंदोलन की चेतावनी

प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन जल्द चुनाव की घोषणा नहीं करता तो समाज आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विचार करेगा। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित विंध्यधाम दौरे के दौरान उनसे मिलकर पूरे मामले से अवगत कराने की बात कही गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में गौतम द्विवेदी, शनि दत्त पाठक, सनी पांडेय, हर्ष शुक्ला सहित कई पदाधिकारी और कार्डधारक सदस्य शामिल रहे।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: सीतापुर: पुल के नीचे पानी में मिला युवक का शव, इलाके में मची सनसनी

Related Articles

Back to top button