तिवारीपुर की आवास विकास कॉलोनी में दहशत, बिज्जू के छिपने से बच्चे और बुजुर्ग घर में कैद

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में तिवारीपुर थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में पिछले कुछ समय से एक विचित्र जीव के दिखाई देने से लोगों में दहशत है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में तिवारीपुर थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में पिछले कुछ समय से एक विचित्र जीव के दिखाई देने से लोगों में दहशत है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जीव कॉलोनी के कई घरों के आसपास घूमने के साथ ही कुछ घरों के अंदर भी घुसता देखा गया है। इसके चलते लोग खासकर रात के समय घर से बाहर निकलने में सतर्कता बरत रहे हैं।

स्थानीय निवासी डॉ तस्लीम अहमद लारी ने बताया कि उक्त जीव बिज्जु की तरह दिख रहा है। इसे गूगल पर सर्च करके देखा गया है। हालांकि फारेस्ट डिपार्टमेंट के एक्सपर्ट ही इसे पुष्टि कर सकते हैं। पिछले दो दिनों से मेरे घर व मेरी पड़ोसी के घर में छिपा हुआ है। रात के वक्त दहशत बना हुआ है।

इसकी सूचना डायल 112 पर दी गई है। पुलिस आयी थी। फारेस्ट डिपार्टमेंट की तरफ से रेस्क्यू करने का आश्वासन मिला है। उन्होंने ये भी बताया कि एक राहगीर पर हमला भी किया है। घटना के बाद कॉलोनी में भय का माहौल और बढ़ गया है। लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न निकलने की हिदायत दी है।

कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर टीम भेजने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जीव की पहचान कर उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ा जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अभी पहचान स्पष्ट नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कॉलोनी में दिखाई दे रहा जीव कौन-सा है। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर इसके बारे में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग या विशेषज्ञों की जांच के बाद ही जीव की वास्तविक पहचान सामने आ सकेगी। हमले की घटना और उससे जुड़े तथ्यों की भी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button