चाइनीज मांझे की चपेट में आए व्यापारी, गर्दन पर लगे कई टांके
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गर्दन पर करीब 8 से 10 टांके लगाए। समय रहते उपचार मिलने से उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर एक बार फिर सामने आया है।
शनिवार सुबह हार्बर्ट बांध से अपने घर लौट रहे बसंतपुर निवासी सेनेटरी एवं पाइप फिटिंग के थोक कारोबारी मनोज कुमार बरनवाल चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मांझे से उनकी गर्दन पर गहरा कट लग गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गर्दन पर करीब 8 से 10 टांके लगाए। समय रहते उपचार मिलने से उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खुले इस्तेमाल को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चाइनीज मांझा राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।
लोगों ने प्रशासन से प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने के साथ ही इसकी अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



