मां विंध्यवासिनी के दरबार में पवन सिंह के साथ पहुंचे धनंजय सिंह, क्या है इस मुलाकात की चर्चा?
Mirzapur News: पवन सिंह, धनंजय सिंह और बृजेश सिंह प्रिंसू ने शारदीय नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए। तीनों की मौजूदगी से विंध्याचल धाम में उत्साह और सियासी चर्चाएं बढ़ीं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शारदीय नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच मंगलवार की रात भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह, जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह और विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू पहुंचे। तीनों ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। एक साथ इन चर्चित चेहरों की मौजूदगी ने धार्मिक नगरी विंध्याचल में लोगों का ध्यान खींचा और राजनीतिक चर्चाओं को भी हवा दे दी।
नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे पवन सिंह
शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन पवन सिंह मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने हाथ जोड़कर मां से सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भोजपुरी स्टार की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। नवरात्र मेले के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से भक्त मां के दर्शन के लिए विंध्याचल पहुंच रहे हैं। ऐसे में चर्चित हस्तियों के आगमन से मंदिर परिसर में हलचल और बढ़ गई।
धनंजय सिंह और बृजेश सिंह प्रिंसू ने भी किए दर्शन
पवन सिंह के साथ जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह और विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू ने भी मां विंध्यवासिनी की पूजा-अर्चना की। तीनों ने धार्मिक आस्था के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगाई। पवन सिंह और धनंजय सिंह को देखने के लिए मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। उनकी मौजूदगी नवरात्र मेले के दौरान चर्चा का विषय बनी रही।
राजनीति पर चुप्पी, परिवार और समाज के कल्याण की कामना
दर्शन-पूजन के दौरान राजनीतिक मुद्दों पर सवाल किए जाने पर तीनों ने कोई टिप्पणी नहीं की। पवन सिंह और धनंजय सिंह ने अपनी यात्रा को परिवार और देश-समाज के कल्याण से जोड़ते हुए मां से कृपा की कामना की। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर किसी राजनीतिक उद्देश्य की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में फिलहाल यह यात्रा धार्मिक आस्था और चर्चित हस्तियों की मौजूदगी के कारण सुर्खियों में है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र कश्यप ने इस्तीफे में BJP को घेरा, तानाशाही से कमीशनखोरी तक लगाए 10 गंभीर आरोप



