जनता के फैसले का हो सम्मान: फारूक

- बोले- नई सरकारें सभी नागरिकों के समावेशी विकास के लिए करें काम
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने पांच राज्यों के चुनाव परिणामों को जनता का अंतिम फैसला बताते हुए कहा कि इसका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने नई सरकारों से आग्रह किया कि वे देश की एकता को बनाए रखते हुए सभी नागरिकों के समावेशी विकास के लिए काम करें। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक ने चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का फैसला अंतिम है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
बुडगाम में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि लोगों ने जो फैसला लिया है, वह आपके सामने है, मैं इसमें क्या कर सकता हूं? नई सरकारें आ गई हैं, अल्लाह उन्हें जनता के भले के लिए काम करने की तौफीक दे। फारूक ने आगे कहा कि यह देश सभी नागरिकों का है और समावेशी विकास की आवश्यकता पर बल दिया। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे ने जीत दर्ज की, जबकि अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजग़म ने तमिलनाडु में जीत हासिल की। अब्दुल्ला ने कहा कि नई सरकारों को सभी की प्रगति के लिए काम करना चाहिए। चुनाव परिणामों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मेरी प्रतिक्रिया क्या हो सकती है? जनता का फैसला आपके सामने है। मैं इसके बारे में क्या कर सकता हूं? जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकारें चुनी गई हैं। ईश्वर उन्हें जनता के लिए अच्छा काम करने की शक्ति दे। उन्हें याद रखना चाहिए कि यह देश हम सभी का है, चाहे धर्म और भाषा कुछ भी हो उन्हें इसका ख्याल रखना चाहिए और सभी की प्रगति होनी चाहिए।
यह राष्ट्र हम सभी का है, इसकी देखभाल करें
उन्होंने कहा कि यह राष्ट्र हम सभी का है, इसकी देखभाल करें और सुनिश्चित करें कि सभी प्रगति करें। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव परिणामों ने मिश्रित राजनीतिक परिदृश्य प्रस्तुत किया है। बंगाल और असम में भाजपा का मजबूत प्रदर्शन रहा, जबकि अन्य क्षेत्रों में क्षेत्रीय और विपक्षी दलों ने जीत हासिल की, जो मतदाताओं की विविध चुनावी पसंद को दर्शाती है।



