दस हजार युवाओं को दिलाएंगे नौकरी : पीके

- जनसुराज अध्यक्ष ने मांगा सीवी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पटना। जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने बिहार के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र में अगले एक-दो साल में कम से कम दस हजार युवाओं को नौकरी दिलाने में मदद करने का वादा किया है। उन्होंने परिवारों से अपील की है कि वे अपने पढ़े-लिखे लेकिन बेरोजगार बच्चों के सीवी और बायोडाटा उनके ऑफिस भेजें। किशोर ने यह घोषणा मंगलवार को उपचुनाव जीतने के बाद बांकीपुर के अपने पहले दौरे के दौरान की। आभार व्यक्त करने के लिए किए गए इस दौरे के तहत, उन्होंने मतदाताओं से मुलाकात की और उनके समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वे देश भर की कंपनियों और लोगों के साथ अपने नेटवर्क का इस्तेमाल करके योग्य युवाओं को प्राइवेट सेक्टर में नौकरी दिलाने में मदद करेंगे।
हालांकि, किशोर ने साफ़ किया कि वे सरकारी नौकरी की गारंटी नहीं दे सकते और कहा कि कुछ युवाओं को काम के लिए शुरुआत में बिहार से बाहर जाना पड़ सकता है। चुनाव जीतने के बाद पांच-छह दिनों तक अपने चुनाव क्षेत्र से दूर रहने की आलोचना का जवाब देते हुए किशोर ने कहा कि मैं कहीं घूम नहीं रहा हूं। मैं आपके लिए काम कर रहा हूं। उन्होंने उन परिवारों से अपील की जिनके बच्चे पढ़े-लिखे तो हैं लेकिन बेरोजगार हैं, कि वे अपने सीवी तैयार करें और उनके ऑफिस में जमा करें। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अगले एक-दो साल में बांकीपुर के कम से कम 1 हजार परिवारों की मदद करना है ताकि उनके बच्चों को नौकरी मिल सके। किशोर ने कहा कि अगर बिहार में जन सुराज पार्टी सत्ता में आती है तो हालात बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पार्टी राज्य के भीतर ही रोजगार के इतने मौके पैदा करने पर ध्यान देगी कि युवाओं को नौकरी की तलाश में बिहार छोडऩे के लिए मजबूर न होना पड़े। उन्होंने अपने चुनाव क्षेत्र के लिए चार मुख्य प्राथमिकताएं भी तय की रोजग़ार, शिक्षा, 1,000 रुपये की मासिक पेंशन और अनाज।



