सीतापुर में जुए के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, नैमिषारण्य से दो जुआरी पकड़े गए
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक जुए के फड़ पर छापा मारा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक जुए के फड़ पर छापा मारा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके से ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे दो जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई नैमिषारण्य क्षेत्र के लक्ष्मणगंज मोड़ के पास की गई, जहां पुलिस को जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते और कुल 13 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। बरामद रकम में 9 हजार रुपये मालफड़ की रकम और 4 हजार रुपये आरोपियों की जामा तलाशी से मिले हैं।
इसके अलावा पुलिस ने जुआ स्थल पर खड़ी 15 मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक सीतापुर और दूसरा हरदोई जनपद का निवासी बताया जा रहा है।
नैमिषारण्य पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



