अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद भारत में सियासी बवाल

मोदी ने अमेरिका के सामने एकतरफा आत्मसमर्पण कर दिया : खरगे

  • विपक्ष के निशाने पर भाजपा और एनडीए सरकार
  • सरकार ने टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार क्यों नहीं किया : कांग्रेस अध्यक्ष

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा लगाए गए वैश्विक टैरिफ को खारिज करने के फैसले की गूंज भारत में सुनाई दे रही है। कोर्ट के निणर्य के बाद भारत में सियासी बवाल मच गया है। पूरे विपक्ष ने मोदी सरकार को इस मामले में घेर लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को सवाल उठाया कि क्या नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विदेश नीति अस्पष्ट है या उसने अमेरिका के सामने एकतरफा आत्मसमर्पण कर दिया है। यह सवाल अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा लगाए गए वैश्विक टैरिफ को खारिज करने के बाद उठाया गया।
एक्स पर एक पोस्ट में, खरगे ने पूछा कि केंद्र ने अंतरिम व्यापार समझौते में जल्दबाजी करने से पहले अमेरिकी अदालत के फैसले का इंतजार क्यों नहीं किया, जिसे उन्होंने जाल समझौता कहा। खरगे ने समझौते के संयुक्त वक्तव्य की आलोचना करते हुए कहा कि इसमें कई अमेरिकी निर्यातों पर शून्य टैरिफ शामिल हैं, जिससे भारत की कृषि को अमेरिकी वस्तुओं के लिए प्रभावी रूप से खोल दिया गया है, 500 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के अमेरिकी उत्पादों के आयात की योजना है, रूसी तेल की खरीद पर रोक है जिससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा को नुकसान पहुंच सकता है, और कई डिजिटल कर रियायतें शामिल हैं। खरगे के एक्स पोस्ट में लिखा था कि अस्पष्ट विदेश नीति या एकतरफा आत्मसमर्पण? मोदी सरकार ने टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार क्यों नहीं किया, इससे पहले कि वह जल्दबाजी में एक ऐसे धोखेबाज़ समझौते में फंस गई, जिससे भारत से भारी रियायतें हासिल की गईं? संयुक्त बयान में भारत को निर्यात होने वाले कई अमेरिकी उत्पादों पर शून्य टैरिफ की बात कही गई थी, जिससे भारत की कृषि को अमेरिकी वस्तुओं के लिए लगभग खोल दिया गया था, 500 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के अमेरिकी सामान आयात करने की योजना थी, हमारी ऊर्जा सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाले रूसी तेल की खरीद पर रोक लगाने की प्रतिबद्धता थी और डिजिटल क्षेत्र में कई कर रियायतें थीं। उन्होंने आगे मांग की कि मोदी स्पष्ट करें कि किसने सरकार पर भारत के राष्ट्रीय हित और रणनीतिक स्वायत्तता से समझौता करने के लिए दबाव डाला।

पीएम बताएं समझौते केपीछे क्या मजबूरी थी : जयराम

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के फैसले का हवाला देते हुए यह सवाल भी किया कि ऐसी क्या मजबूरी थी कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुनिश्चित किया कि दो फरवरी 2026 की रात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा करें? रमेश ने पोस्ट किया, कल अमेरिका के उच्चतम न्यायालय द्वारा उनकी शुल्क नीति को खारिज किए जाने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री उनके बहुत अच्छे मित्र हैं, भारत-अमेरिका व्यापार समझौता घोषणा के अनुसार जारी रहेगा और उन्होंने 10 मई 2025 को भारतीय निर्यात पर शुल्क बढ़ाने की धमकी देकर व्यक्तिगत रूप से ऑपरेशन सिंदूर रुकवाया था। उन्होंने कहा, दो फरवरी 2026 को राष्ट्रपति ट्रंप ने सबसे पहले घोषणा की थी कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम रूप ले चुकी है। रमेश ने सवाल किया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि मोदी ने सुनिश्चित किया कि दो फरवरी 2026 की रात राष्ट्रपति ट्रंप ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा करें? कांग्रेस नेता ने कहा, उस दोपहर लोकसभा में ऐसा क्या हुआ था, जिसने प्रधानमंत्री मोदी को इतना व्याकुल कर दिया कि उन्होंने ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्र्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में अपने ‘अच्छे मित्र’ से संपर्क कर ध्यान भटकाने वाली स्थिति पैदा की?’’

एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर मचा कोहराम

  • भाजपा और बसपा ने साधा निशाना
  • बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस सेे की मांग

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नईदिल्ली। एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर सियासी कोहराम मच गया है। बसपा व भाजपा ने प्रतिक्रया दी है। बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया है। उधर पुलिस ने भी कार्यवाही तेज कर दी है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि वो एंटी नेशनल पार्टी है जहां दुनिया भर में एआई समिट की तारीफ़ हो रही है वहीं राहुल गांधी की कांग्रेस इसका विरोध कर रही है. बीजेपी आज देशभर में इसके विरोध में प्रदर्शन भी कर रही है।
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपेक्ट समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न होकर प्रदर्शन को अशोभनीय बताया और कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समिट के दौरान ऐसा आचरण करना चिंता की बात है। वहीं बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से यूथ क ांग्रेस के लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन अति-अशोभनीय व निन्दनीय है : मायावती

बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा कि नई दिल्ली में आयोजित ’एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खिय़ों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है। अगर यह सम्मेलन अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिन्ता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।

कांग्रेस मुख्यालय के आगे भाजपा का विरोध प्रदर्शन?

एआई समिट में हंगामा करने के विरोध में बीजेपी आज दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के बाहर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता देशद्रोही राहुल गांधी माफी मांगे के पोस्ट लेकर विरोध कर रहे हैं। बीजेपी नेताओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अकबर रोड को दिल्ली पुलिस ने दो लेयर की बैरीकेड लगाकर बंद कर दिया। गुस्साए बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड को तोड़ दिया। इस दौरान कई बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया. इस विरोध प्रदर्शन में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष विनोद सचदेवा के अलावा सांसद मनोज तिवारी भी शमिल हुए।

दिल्ली को दहलाने की साजिश, अलर्ट जारी

  • लश्कर-ए-तैयबा का आईईडी हमले की तैयारी
  • लाल किला और चांदनी चौक का मंदिर निशाने पर

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। देश की सुरक्षा एजेंसियों ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को निशाना बनाने की आतंकी साजिश का खुलासा करते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया जानकारी के अनुसार, आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के लाल किले के आसपास और चांदनी चौक स्थित एक प्रमुख मंदिर में बम धमाके की फिराक में हैं। यह अलर्ट पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुई एक मस्जिद में हुए ब्लास्ट का बदला लेने की मंशा से जोडक़र देखा जा रहा है।
खुफिया सूत्रों ने बताया कि लश्कर-ए-तैयबा संगठन आईईडी के जरिए हमला करने की साजिश रच रहा है। विशेष रूप से, चांदनी चौक इलाके में स्थित एक मंदिर को संभावित लक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है। यह आतंकी संगठन पाकिस्तान के इस्लामाबाद में 6 फरवरी को हुए एक मस्जिद विस्फोट के बाद भारत में बड़ा आतंकी हमला करने की फिराक में है। खुफिया इनपुट के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा देश भर के प्रमुख मंदिरों को भी निशाना बना सकता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि देश के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल इस आतंकी संगठन के निशाने पर हैं। खुफिया सूत्रों ने कहा, दिल्ली में लाल किले के सामने ब्लास्ट का अलर्ट है। आतंकवादी चांदनी चौक में एक मंदिर को निशाना बना सकते हैं। लश्कर-ए-तैयबा आईईडी हमले की साजिश रच रहा है। 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद यह संगठन भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। देश के बड़े मंदिरों को लश्कर-ए-तैयबा निशाना बना सकता है। बता दें कि दिल्ली में पिछले साल ही 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास बम धमाका हुआ था। जिसमें 10 से ज्यादा लोग मारे गए थे और कई लोग घायल हुए थे। धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास विस्फोटकों से भरी कार में हुआ था।

नहर में गिरा सीआरपीएपफ का बंकर वाहन, 9 जवान घायल

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
श्रीनगर। श्रीनगर में शनिवार को एक भीषण हादसा हुआ, जब सीआरपीएफ का एक बंकर वाहन सडक़ से फिसलकर सौरा के दागपोरा इलाके में एक नहर में गिर गया। इस घटना में सीआरपीएफ के कम से कम नौ जवान घायल हो गए। अहमद नगर के दगपोरा रोड पर उमर हेयर के पास यह हादसा हुआ, जब चालक ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण वाहन नहर में गिर गया।
सीआरपीएफ की 21वीं बटालियन के सात घायल जवानों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में, दो और घायल जवानों को इलाज के लिए एसकेआईएमएस सौरा ले जाया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की कि सभी घायल जवान स्थिर हैं और उनका इलाज चल रहा है।

डिवाइडर से टकराई कार, 5 लोगों की मौत, 6 घायल

  • गुजरात केमेहसाणा में हुई घटना में मरने वाले एक ही परिवार के थे सदस्य

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। शनिवार सुबह उन्झा-मेहसाणा हाईवे में दर्दनाक सडक़ हादसा में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे कुमावत परिवार की इको कार डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा अहमदाबाद के रामोल इलाके में हुआ, जब परिवार वापस लौट रहा था। इस हादसे में छह अन्य लोग घायल हैं।
पुलिस के मुताबिक, उनावा के पास ईको कार के ड्राइवर ने गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया, जिससे वह बीच के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह डैमेज हो गई। एक ही परिवार के चार लोगों रामलाल कुमावत, कैलाश कुमावत, कोमल कुमावत और एक बच्चे – की मौके पर ही मौत हो गई। मंथरादेवी नाम की एक बुजुर्ग महिला की बाद में मेहसाणा सिविल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मरने वालों की कुल संख्या पांच हो गई। ड्राइवर समेत गाड़ी में सवार छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सभी राजस्थान के रहने वाले हैं

कुमावत परिवार मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले और भावनगर का निवासी है। वे वर्तमान में अहमदाबाद के रामोल इलाके में रहते हैं। परिवार राजस्थान में एक शादी में शामिल होने के बाद अपनी इको कार से अहमदाबाद लौट रहा था। इसी दौरान उन्झा-मेहसाना राजमार्ग पर उनावा के पास दुर्घटना हो गई।

Related Articles

Back to top button