महाजन के बयान से पंजाब में सियासी भूचाल
कांग्रेस और शिवसेना यूबीटी ने की बर्खास्त करने की मांग

- खालिस्तान के मुद्दे को हवा दे रही बीजेपी
- भाजपा नेता ब्लू स्टार को काला दिन और मारे गए लोगों को शहीद बताकर फंसे
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। भाजपा नेता गिरीश महाजन ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को काला दिन और मारे गए लोगों को शहीद बताकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है, जिसके बाद कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) ने उन पर खालिस्तान मुद्दे को हवा देने का आरोप लगाते हुए मंत्री पद से हटाने की मांग की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को काला दिन करार देकर और सैन्य कार्रवाई में मारे गए लोगों कोशहीद बताकर विवाद खड़ा कर दिया है। महाजन ने ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ की तुलना स्वर्ण मंदिर पर अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली के आक्रमण से करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आलोचना भी की।
‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ की बरसी में हिस्सा लेने वाले किसी राज्य सरकार के पहले प्रतिनिधि बने। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, लिए ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ एक काला दिन है। इसमें हमारे भाई-बहन मारे गए। महाजन ने ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को सिख समुदाय के पवित्र स्थल पर सैन्य हमला करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सेना को जबरदस्ती पंजाब और पवित्र स्थल (स्वर्ण मंदिर) के अंदर भेजा था। महाजन ने कहा, यह हमारे पवित्र स्थल पर एक सैन्य हमला था। इंदिराजी ने जबरदस्ती उन्हें (सेना को) पंजाब और हमारे पवित्र स्थल पर भेजा।उन्होंने सैन्य कार्रवाई की तुलना स्वर्ण मंदिर पर अब्दाली के आक्रमण से की और कहा कि 1984 में सिख तीर्थस्थल पर हुए सैन्य हमले ने समुदाय को गहरा दुख पहुंचाया था। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ के दौरान सिखों की बेरहमी से हत्या की गई और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को कभी दंडित नहीं किया गया। उन्होंने कहा, ऐसी भीषण त्रासदी घटी। मैं इसे दुर्घटना नहीं कहूंगा, बल्कि एक सोची-समझी साजिश कहूंगा, जिसमें हमारे कई भाई-बहन मारे गए। इसके बाद भी किसी को सजा नहीं मिली। ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ सशस्त्र बलों की ओर से एक से 1० जून 1984 के बीच चलाया गया सैन्य अभियान था, जिसका घोषित उद्देश्य दमदमी टकसाल के नेता जरनैल सिंह भिंडरांवाले और अन्य उग्रवादियों को स्वर्ण मंदिर परिसर से हटाना था। इस अभियान के बाद पंजाब में आतंकवाद की शुरुआत हुई थी। कांग्रेस ने महाजन की टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले खालिस्तान के मुद्दे को हवा देने का आरोप लगाया। चुनावी लाभ के लिए दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया।
भारत को एकजुट रखने के लिए यह जरूरी था: वडेट्टीवार
महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सैन्य कार्रवाई का आदेश देने के इंदिरा गांधी के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि भारत को एकजुट रखने के लिए यह जरूरी था। वडेट्टीवार ने कहा, अगर इंदिरा जी के कार्यकाल में वह निर्णय नहीं लिया गया होता, तो शायद भारत दो हिस्सों में बंट गया होता और अविभाजित भारत की अवधारणा ही नहीं बचती। उन्होंने कहा कि (‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ से जुड़े) फैसले को उस समय देश में व्याप्त परिस्थितियों के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। वडेट्टीवार ने कहा, लोग विषय को समझे बिना ही टिप्पणी करते हैं। वे इसके बारे में कुछ न जानते हुए भी कुछ बोलना चाहते हैं।
महाजन को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल और भाजपा से बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए : राउत
वहीं, शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने कहा कि महाजन को राज्य मंत्रिमंडल और भाजपा से बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।



