राघव चड्ढा बना सकते हैं अपनी पार्टी

- सोशल मीडिया पर पोस्ट से मची हलचल
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के इर्द-गिर्द नई राजनीतिक हलचल मची हुई है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वो खुद का युवा नेतृत्व वाला राजनीतिक मंच शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। ये अटकलें तब और तेज हो गईं जब चड्ढा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक समर्थक द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो दोबारा साझा किया, जिसमें उनसे एक नई पार्टी शुरू करने का आग्रह किया गया था। वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए चड्ढा ने लिखा कि दिलचस्प विचार, इस प्रतिक्रिया ने कई अनुयायियों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या वह युवा समर्थित राजनीतिक पहल की संभावना का संकेत दे रहे हैं।
वीडियो में समर्थक ने कहा कि हर वयस्क और किशोर चाहता है कि राघव चड्ढा अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी बनाएं, शायद जेन-जेड पार्टी या कोई भी ऐसा नाम जो उन्हें उचित लगे। अगर वे किसी दूसरी पार्टी में शामिल होते हैं, चाहे वह कोई भी हो, तो शायद उन्हें उतना समर्थन न मिले जितना अभी मिल रहा है। उन्हें विरोध का भी सामना करना पड़ सकता है। इसलिए, अपनी खुद की पार्टी शुरू करना एक समझदारी भरा फैसला होगा।



