राघवेन्द्र हत्याकांड फिर सुर्खियों में, पीड़िता की CM योगी से मुलाकात के बाद मचा हड़कंप

सीतापुर के चर्चित पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई हत्याकांड में नया मोड़ आया है। पीड़ित की पत्नी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सुरक्षा और जांच से जुड़े मुद्दे उठाए, जिसके बाद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के चर्चित पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई हत्याकांड ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। इस बार मामला तब चर्चा में आया, जब मृतक की पत्नी रश्मि बाजपेई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मामले की प्रगति, सुरक्षा और अन्य संबंधित मुद्दों से उन्हें अवगत कराया। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री की ओर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

नेरी पुल पर हुई थी पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई की हत्या

राघवेन्द्र बाजपेई की सीतापुर-बरेली मार्ग स्थित नेरी पुल के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस बाबा शिवानंद उर्फ विकास राठौर, असलम गाजी और निर्मल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फिलहाल ये सभी आरोपी जमानत पर हैं। वहीं, इस मामले में नामजद राजू तिवारी और संजय तिवारी पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।

एक आरोपी को कोर्ट से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत

मामले में आरोपी हिस्ट्रीशीटर सुमित श्रीवास्तव उर्फ बउवा लाला को न्यायालय से गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक (अरेस्ट स्टे) मिली हुई है। इसी बीच पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले के विभिन्न पहलुओं और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को सामने रखा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रश्मि बाजपेई ने मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री की ओर से संबंधित अधिकारियों, जिनमें डॉ. राजा गणपति आर. भी शामिल हैं, को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। हालांकि, निर्देशों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले को लेकर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में मानसिक बीमार महिला से दरिंदगी, मंदिर के CCTV फुटेज से आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button