राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, वे सोच-समझकर बोलते हैं : राउत

  • शिवसेना यूबीटी राज्यसभा सांसद ने भाजपा-आरएसएस को दी नसीहत

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। शिवसेना यूबीटी राज्यसभा सांसद संजय राउत ने राहुल गांधी के गद्दार वाले बयान पर भाजपा द्वारा उन पर निशाना साधने के बाद उनका बचाव किया। भाजपा की आलोचना का जवाब देते हुए राउत ने कहा कि भाजपा हमेशा आक्रामक रहती है। राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं। वे सोच-समझकर बोलते हैं। वे राजीव गांधी के पुत्र और इंदिरा गांधी के पोते हैं। यह एक परंपरा है। इस तरह की भाषा का प्रयोग केवल राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि देश के अन्य नेता भी कर रहे हैं।
भाजपा और आरएसएस को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए कि लोग इस तरह की भाषा का प्रयोग क्यों कर रहे हैं। पहलगाम आतंकी हमले के मामले में एनआईए की चार्जशीट पर प्रतिक्रिया देते हुए राउत ने पाकिस्तान स्थित लश्कर आतंकवादी लांगड़ा को हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताए जाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लांगड़ा अब कहां है? वह पाकिस्तान में है, है ना? तो उसे यहां लाओ। आपने पहलगाम में अपराधियों को मारने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। देश चाहता है कि लांगड़ा और तंगरा को फांसी दी जाए। तभी ऐसा होगा। राउत ने बढ़ती बेरोजगारी और ईंधन की कीमतों को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी बढ़ रही है। लोग लंबी कतारों में खड़े हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री देश को उपदेश देते हैं और फिर चले जाते हैं। उन्हें कोई रास्ता दिखाना चाहिए ताकि देश के लोग शांति से रह सकें।

मोदी जी इटली से कोई मंत्र लाए होंगे

प्रधानमंत्री द्वारा बुलाई गई मंत्रिपरिषद की बैठक पर टिप्पणी करते हुए राउत ने कहा कि देश गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की स्थिति बेहद गंभीर है। चीन और भारत एशिया के दो बड़े देश हैं। अब जब मोदी जी इटली से लौट आए हैं, तो ऐसा लगता है कि भारत की स्थिति में सुधार होगा। वे किसी कारणवश कोई मंत्र लेकर आए होंगे। भारत की अर्थव्यवस्था बहुत खराब है।

Related Articles

Back to top button