मिर्जापुर में बारिश के बीच टूटा कहर, दो जगह दीवार गिरी; तीन जिंदगियां खत्म

मिर्जापुर के मड़िहान में बारिश के बीच जर्जर दीवारें जानलेवा बन गईं। रजौहा में बुजुर्ग दंपत्ति की मौत हुई, जबकि बभनी थपनवा में महिला की जान गई और पति घायल हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः मिर्जापुर में लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर मकान और कमजोर दीवारें जानलेवा साबित हो रही हैं। मड़िहान क्षेत्र में सामने आए दो अलग-अलग हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। रजौहा गांव में जर्जर दीवार गिरने से बुजुर्ग दंपत्ति की मौत हो गई, जबकि बभनी थपनवा में ट्यूबवेल के कमरे की दीवार ढहने से एक महिला की जान चली गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

रजौहा में मलबे में दबे बुजुर्ग दंपत्ति

मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव में बुधवार देर रात जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। कमरे में सो रहे 70 वर्षीय रामाशंकर और उनकी 65 वर्षीय पत्नी अशोक कुमारी मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

क्षेत्र में दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही थी। माना जा रहा है कि नमी के कारण कमजोर दीवार और जर्जर हो गई थी। पुलिस ने पंचनामा कर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

बभनी थपनवा में महिला की मौत, पति घायल

दूसरा हादसा बभनी थपनवा गांव में हुआ। खेत पर बने ट्यूबवेल के कमरे में सो रहे केवली उर्फ कबूतरी (60) और उनके पति हीरा आदिवासी के ऊपर रात में अचानक दीवार गिर गई। मलबे में दबने से केवली की मौत हो गई, जबकि हीरा गंभीर रूप से घायल हो गए।

रात में हादसा होने के कारण तत्काल किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। सुबह राहगीरों ने क्षतिग्रस्त कमरे और मलबे को देखा, जिसके बाद घटना का पता चला। सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।

बारिश में जर्जर मकान बन रहे जान का खतरा

मड़िहान क्षेत्र की दोनों घटनाओं ने बरसात में कमजोर मकानों और जर्जर दीवारों के खतरे को सामने ला दिया है। लगातार बारिश से पुरानी दीवारों में नमी बढ़ने पर उनके गिरने का जोखिम बढ़ सकता है। ऐसे में जर्जर भवनों में रहने वाले परिवारों के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। दोनों हादसों के बाद गांवों में शोक का माहौल है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मीरजापुर

यह भी पढ़ें: कानपुर BJP दफ्तर में बवाल! दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट, देखें VIDEO

Related Articles

Back to top button