रवि किशन पर भड़कीं राखी सावंत, कहा- “देश सेवा नहीं, अपनी सेवा करने गए”

बॉलीवुड अभिनेत्री और एंटरटेनमेंट जगत की चर्चित हस्ती राखी सावंत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बॉलीवुड अभिनेत्री और एंटरटेनमेंट जगत की चर्चित हस्ती राखी सावंत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं।

इस बार उन्होंने गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता रवि किशन को लेकर टिप्पणी की है। राखी सावंत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह रवि किशन के राजनीतिक सफर और फिल्मी करियर को लेकर सवाल उठाती नजर आ रही हैं।

एक टीवी चैनल को दिए गए इंटरव्यू के दौरान राखी सावंत ने रवि किशन को अपना दोस्त बताया, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने उनके सांसद बनने के बाद की भूमिका पर सवाल भी खड़े किए। राखी ने कहा कि रवि किशन ने एक रियलिटी शो के दौरान यह कहा था कि वह देश की सेवा करने के लिए राजनीति में जा रहे हैं।

राखी ने इसी बात पर तंज कसते हुए कहा, “देश की सेवा करने नहीं गए, अपनी सेवा करने गए।” उन्होंने आगे सवाल उठाया कि सांसद बनने के बाद रवि किशन ने गोरखपुर क्षेत्र के लिए क्या काम किए हैं, इसकी जानकारी जनता के सामने आनी चाहिए।

रवि किशन के फिल्मी करियर पर भी उठाए सवाल

राखी सावंत ने सिर्फ राजनीतिक सफर को लेकर ही नहीं, बल्कि रवि किशन के फिल्मी करियर को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सांसद बनने से पहले रवि किशन मुख्य रूप से भोजपुरी फिल्मों में सक्रिय थे, लेकिन राजनीति में आने के बाद उन्हें कई बड़े प्रोजेक्ट्स और फिल्मों में काम करने के मौके मिलने लगे।

राखी ने व्यंग्य करते हुए कहा, “बबुआ, हमें भी बताइए कि इतनी बड़ी-बड़ी फिल्में कैसे मिल गईं। ऐसा क्या किया कि लगातार बड़ी-बड़ी फिल्मों में काम मिल रहा है?”

उन्होंने अपने अंदाज में यह भी कहा कि आखिर किस वजह से इतने बड़े अवसर मिल रहे हैं। राखी के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

“डंके की चोट पर चमचागिरी कर रहे हो” वाला बयान चर्चा में

वायरल वीडियो में राखी सावंत ने रवि किशन पर तंज कसते हुए “डंके की चोट पर चमचागिरी कर रहे हो” जैसी टिप्पणी भी की। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग राखी के बयान का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ लोग इसे केवल उनका निजी बयान बता रहे हैं।

वायरल वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं

बताया जा रहा है कि राखी सावंत का यह वीडियो करीब 3 मिनट 17 सेकंड का है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।

वहीं, इस मामले में रवि किशन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि राखी सावंत के इस बयान पर रवि किशन या उनकी टीम की ओर से कोई जवाब दिया जाता है या नहीं।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button