जिस देश से बाबर आया वहीं से मिला सम्मान : ओवैसी

- मोदी को उज़्बेकिस्तान के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पर पर कसा तंज
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हैदराबाद। एआईएमआईएम के अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज़्बेकिस्तान से मिले सर्वोच्च राजकीय सम्मान को लेकर भारतीय जनता पार्टी और संघ परिवार पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री को उसी धरती से सम्मान मिला है, जहां से मुगल सम्राट बाबर भारत आया था। उन्होंने सवाल उठाया कि अब बीजेपी विपक्ष पर निशाना साधने के लिए बाबर के नाम का इस्तेमाल कैसे करेगी। उज़्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ओली दराजली दोस्तलिक से सम्मानित होने पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने बीजेपी औरसंघ को आत्ममंथन करने की सलाह दी।
सांसद ने कहा, मैं उनको बधाई देता हूं जिस देश से बाबर भारत आया था, उसी देश ने प्रधानमंत्री को पुरस्कार दिया है। ओवैसी ने बताया कि बाबर मौजूदा उज़्बेकिस्तान की फरगना घाटी का रहने वाला था और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपनी विदेश यात्राओं के दौरान सम्मान पाना एक आम बात हो गई है। ओवैसी ने कहा, आजकल प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां से पुरस्कार लेकर ही लौटते हैं। बधाई हो सपा प्रमुख ने राजनीतिक चर्चाओं में बाबर का जिक्र किए जाने को लेकर बीजेपी और व्यापक संघ परिवार पर भी निशाना साधा। सांसद ने आगे कहा, आप बाबर के नाम पर इतनी बुराई करते थे, फिर भी उसी देश के लोग अब आपको पुरस्कार से सम्मानित कर रहे हैं। ओवैसी ने कहा कि इस घटनाक्रम से आरएसएस और उसके समर्थकों को आत्म-मंथन करना चाहिए। उन्होंने पूछा, संघ को इस पर विचार करने की ज़रूरत है। आप बाबर का नाम लेकर हमें बुरा-भला कहते थे। और अब आपको उसी जगह से नागरिक सम्मान दिया गया है जहाँ से बाबर आया था। हमें उम्मीद है कि संघ परिवार के लोग और आरएसएस का समर्थन करने वाले लोग अब बाबर का नाम इस तरह नहीं लेंगे, क्योंकि फरगना घाटी उज़्बेकिस्तान में ही है।



