रोहित बने लॉर्ड्स में शतक लगाने वाले पहले भारतीय

  • हिटमैन किसी एक देश की धरती पर सर्वाधिक शतक लगाने वाले बने पहले भारतीय खिलाड़ी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लंदन। रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शानदार बल्लेबाजी की। रोहित ने अपने वनडे करियर का 34वां शतक लगाया। दिलचस्प बात यह है कि रोहित लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर वनडे में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं। जैकब बेथेल ने हालांकि, रोहित को अपना शिकार बनाया जो 110 गेंदों पर 17 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 138 रन बनाकर आउट हुए। रोहित लॉर्ड्स में सर्वोच्च वनडे स्कोर बनाने वाले भारतीय बन गए। रोहित ने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
गांगुली ने 2004 में लॉर्ड्स में 90 रन बनाए थे, लेकिन रोहित ने इस रिकॉर्ड को अब अपने नाम कर लिया है। इस सूची में तीसरे स्थान पर मोहम्मद कैफ हैं जिन्होंने 2002 में नाबाद 87 रनों की पारी खेली थी। रोहित ने इंग्लैंड में आठवां शतक लगाया और वह किसी एक विदेशी देश में सर्वाधिक शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित से ज्यादा इंग्लैंड में वनडे शतक जो रूट ने लगाए हैं। रूट इंग्लैंड में 10 वनडे शतक लगा चुके हैं। सचिन तेंदुलकर ने यूएई में सात वनडे शतक लगाए हैं। रोहित लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने के वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। रोहित ने 39 साल और 80 दिन की उम्र में ऐसा किया है। इतना ही नहीं रोहित सभी प्रारूप मिलाकर भारत के लिए शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज हैं। रोहित और गिल ने इस मैच में शतकीय साझेदारी की। ये भारत के लिए लॉर्ड्स में वनडे में की गई दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। भारत के लिए इस मैदान पर वनडे में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी के नाम है। रैना और धोनी ने 2014 में इस मैदान पर पांचवें विकेट के लिए 169 रनों की साझेदारी की थी। रोहित और विराट कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी हुई।

2019 के बाद भारत से इंग्लैंड ने जीती वनडे सीरीज

लंदन। इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में भारत को 27 रनों से हरा दिया। इंग्लैंड ने इस तरह तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इंग्लैंड ने इससे पहले पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी भारत को 4-0 से हराया था और अब वनडे में भी अपना दबदबा दिखाया। इंग्लैंड ने 2019 के बाद पहली बार भारत के खिलाफ वनडे सीरीज अपने नाम की है। रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने 50 ओवर में तीन विकेट पर 387 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 360 रन ही बना सकी। भारत के लिए रोहित शर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि शुभमन गिल और विराट कोहली ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। लेकिन(कोहली टिके थे तो भारत की उम्मीदें बंधी हुई थी। लेकिन कोहली के आउट होते ही भारत के हाथ से मैच निकल गया क्योंकि ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और अक्षर पटेल सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गए।

Related Articles

Back to top button