उन्नाव की सियासत में ‘पोकलैंड’ बयान पर बवाल, सपा ने किया जोरदार पलटवार

उन्नाव में ‘पोकलैंड’ बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सपा नेता पवन मिश्रा ने बीजेपी विधायक अनिल सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए चुनाव में जवाब देने की बात कही। पढ़ें पूरी खबर।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  उन्नाव की राजनीति इन दिनों गर्म हो चुकी है। एक बयान ने ऐसा माहौल बना दिया है कि अब हर मंच से उसी की चर्चा हो रही है। पहले बीजेपी विधायक अनिल सिंह के “पोकलैंड” वाले बयान ने सुर्खियां बटोरीं, और अब उसी बयान पर समाजवादी पार्टी खुलकर मैदान में उतर आई है।

मंच से सपा नेता का सीधा हमला

पुरवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता बैठक के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता पवन मिश्रा ने खुलकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी को भी बुलडोज़र या पोकलैंड जैसी धमकियों से डरने की जरूरत नहीं है। उनका कहना था कि डर का माहौल बनाकर राजनीति करने वालों को जनता अच्छी तरह पहचान चुकी है।

“चुनाव में जवाब देंगे” – पवन मिश्रा

पवन मिश्रा ने अपने भाषण में कहा,  “जो लोग घर गिराने और जमीन-जायदाद बेचने की बात कर रहे हैं, उनकी सच्चाई जनता जानती है। आपको कुछ बेचने की जरूरत नहीं पड़ेगी, हम इन्हें चुनाव में हराकर वापस भेजेंगे।” यह बयान सीधे तौर पर सियासी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें आने वाले चुनावों की झलक साफ नजर आती है।

यह भी पढ़ें: AAP का मेगा डोर-टू-डोर कैंपेन, BJP पर भ्रष्टाचार का आरोप, अब बदलाव की बारी? 

“सत्ता का घमंड ज्यादा दिन नहीं चलता”

अपने भाषण को आगे बढ़ाते हुए पवन मिश्रा ने कहा कि सत्ता में रहने का घमंड ज्यादा समय तक नहीं टिकता। उन्होंने इशारों में कहा कि जब चुनावी नतीजे सामने आएंगे, तब असली स्थिति सबके सामने होगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा,  “पोकलैंड का मुंह घूमता भी है”  यानि कानून सबके लिए बराबर है और कोई भी इससे ऊपर नहीं है।

सपा नेताओं की मौजूदगी से बढ़ा सियासी संदेश

इस बैठक में समाजवादी पार्टी के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे, जिनमें सुनील सिंह साजन, उदय राज यादव और सी.एल. यादव शामिल थे। इन नेताओं की मौजूदगी ने इस बैठक को और ज्यादा राजनीतिक वजन दे दिया।

‘पोकलैंड’ बयान बना बड़ा मुद्दा

दरअसल, “पोकलैंड” वाला बयान अब सिर्फ एक टिप्पणी नहीं रह गया है, बल्कि यह उन्नाव की सियासत का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। एक तरफ बीजेपी का सख्त रुख है, तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी इसे जनता के बीच मुद्दा बनाकर पेश कर रही है।

यह भी पढ़ें: उन्नाव में बड़ा हादसा: सड़क पर पलटा गिट्टी से भरा डम्फर, कई लोग दबे!

Related Articles

Back to top button