72 घंटे से वेंटिलेटर पर सलमान के पापा, अब तक बेहोश सलीम खान?

बॉलीवुड के सुपरस्टार एक्टर सलमान खान के पिता और दिग्गज राइटर सलीम खान इस समय खराब तबियत का सामना कर रहे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बॉलीवुड के सुपरस्टार एक्टर सलमान खान के पिता और दिग्गज राइटर सलीम खान इस समय खराब तबियत का सामना कर रहे हैं।

90 साल की उम्र में उनकी सेहत थोड़ी बिगड़ी है..जिसके चलते वो 17 फरवरी से लीलावती अस्पताल में ही भर्ती हैं। डॉक्टर्स की स्पेशल टीम ने उनके माइनर ब्रेन हेमरेज का इलाज किया और डिजिटल सब्सट्रेक्शन एंजियोग्राफ़ी भी की। उम्र के इस पड़ाव में हुए इस प्रोसीजर के चलते सलीम की रिकवरी काफी स्लो है..लेकिन अब वो स्टेबल हैं। लेकिन अब तक वो वेंटिलेटर पर ही हैं।

बीते चार दिनों से सलमान खान के पिता वेंटिलेटर पर ही हैं। जिसने उनके चाहने वालों की टेंशन बढ़ाई हुई है। लोग जहां सलीम की सलामती और जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं। तो अब तक, उन्हें वेंटिलेटर से हटाए जाने की कोई अपडेट लीलावती हॉस्पिटल की तरफ से सामने नहीं है। यही वजह है कि, सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोग तमाम तरह के सवाल भी खड़े कर रहे हैं।

सलमान के परिवार के शुभचिंतक बस इसी आस में हैं कि, सलीम खान को जल्द से जल्द वेंटिलेटर से हटाया जाए। हालांकि, यहां आपको ये बता दें कि, दो दिन पहले डॉक्टर्स ने सलीम का हेल्थ बुलेटिन देते हुए ये जरूर कहा था कि, ”उन्हें एक या दो दिन में वेंटिलेटर से शिफ्ट किया जा सकता है। बाकी फैसला उनकी तबियत और स्थिति को देखकर लिया जायेगा।”

सलीम साहब को मंगलवार की सुबह में अस्‍पताल में भर्ती किया गया था। उनके फैमिली डॉक्टर ने उन्हें एडमिट कराया था। अस्पताल जाकर पता चला था कि सलीम जी  को माइनर ब्रेन हेमरेज हुआ है ज‍िसके बाद से उनका इलाज चल रहा है। डॉ. जलिल पारकर की निगरानी में अस्‍पताल के न्‍यूरोलॉजिस्‍ट, कार्डियोलॉजिस्‍ट, न्‍यूरोसर्जन और स्‍पेशलिस्‍ट की एक टीम उनकी देखरेख कर रही है।

तो, दूसरी तरफ़, एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान और उनका परिवार अस्पताल की ओर से मंगलवार को हेल्‍थ बुलेटिन जारी करने को लेकर नाराज है। इस मुश्किल घड़ी में परिवार का मानना है कि उनकी निजता का खयाल रखने की जरूरत है।

सोर्सेज के मुताबिक, ”खान परिवार, सलीम खाहब की सेहत की जानकारी पर प्राइवेसी चाह रहा है। परिवार सलीम खान की हालत को लेकर किसी भी तरह की बेकार की अटकलों से बचना चाहता है। परिवार ने साफ किया है कि अब कोई मेडिकल डिटेल शेयर न की जाए। शायद इसी वजह से बुधवार-गुरुवार को कोई हेल्‍थ बुलेटिन नहीं जारी किया गया।”

वहीं, सलीम खान की सेहत और हाल-चाल जानने के लिए बॉलीवुड से भी तमाम सितारे लगातार लीलावती अस्पताल आ रहे हैं। गुरुवार रात सलमान के सबसे अच्छे दोस्तों में से एक आमिर खान अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ हॉस्पिटल गए थे। वहां उन्होंने सलीम की सेहत का जायज़ा तो लिया ही..साथ ही साथ, सलमान को भी हिम्मत दी। करीबन डेढ़ घंटे तक आमिर अस्पताल में मौजूद रहे।

सलीम साहब के जिगरी यार और दिग्गज राइटर जावेद खान भी पिछले चार दिनों से रोजाना लीलावती अस्पताल उनसे मिलने के लिए पहुंच रहे हैं। 70 और 80 के दशक में अपने जोड़ीदार सलीम साहब की तबीयत को लेकर जावेद अख्‍तर बेहद चिंत‍ित हैं। वजिससे साफ़ जाहिर होता है कि, हर किसी के दिल में सलीम जी के लिए कितनी फ़िक्र भरी हुई है..?

तो, सलमान खान पिता सलीम खान से मिलने मंगलवार से ही लगातार लीलावती अस्पताल आ-जा रहे हैं। वह घंटों अस्‍पताल में बिता रहे हैं। पिता के लिए सलमान ने अपने सारे वर्क कमिटमेंट्स फिलहाल कैंसिल कर दिए हैं। जब-जब पैपराजी के कैमरे में सलमान के चेहरे की झलक दिख रही है..उसमें उनका लटका हुआ फेस और मायूसी ही दिखाई दी है। जो साफ़ दिखाता है कि, वो अपने पिता की हेल्थ को लेकर चिंता में डूबे हुए हैं।

फ़िलहाल, 90 साल के सलीम खान की सलामती के लिए दुआओं का दौर जारी है। फैंस मिलकर यही दुआ कर रहे हैं कि, सलमान के पापा जल्द ठीक होकर घर लौट आएं।

बात, सलीम खान की पर्सनल लाइफ की करें तो, दो शादियां, पांच बच्चों के बड़े परिवार के वो मुखिया हैं। सलीम खान ने 1964 में सलमा खान से शादी की, जिनका असली नाम सुशीला चरक था। सलमा मिश्रित दोगरा राजपूत-महाराष्ट्रियन परिवार से थीं और शादी के बाद उन्होंने सलीम के धर्म को अपनाते हुए अपना नाम सलमा रख लिया। उनके पिता ने शुरू में धर्म के मुद्दे पर इस शादी का विरोध किया था, लेकिन सलीम ने उन्हें विश्वास दिलाया कि यह कभी समस्या नहीं बनेगा।

सलमा ने स्ट्रगल के दिनों में सलीम का साथ दिया। जब सलीम संघर्ष कर रहे थे, तब उन्होंने न सिर्फ उनका हौसला बढ़ाया बल्कि परिवार को संभाला। उनके चार बच्चे हुए – सलमान (1965), अरबाज (1967), सोहेल (1969) और अलवीरा (1970)। इनकी ज़िंदगी में सब कुछ अच्छा था, लेकिन तूफ़ान तब आकर खड़ा हुआ..जब शादीशुदा और चार बच्चों के पापा सलीम का दिल हेलेन के लिए धड़कने लगा।

सलीम अपना दिल डांसर-एक्ट्रेस हेलेन को दे बैठे थे। आपको बताएं कि, सलीम की हेलन से पहली बार मुलाकात फिल्म ‘काबुली खान’ के सेट पर हुई थी, जहां हेलन लीड रोल में थीं और सलीम विलेन बने थे। लेकिन तब उनकी ज्यादा बातचीत नहीं हुई। फिर, 1978 में फिल्म ‘डॉन’ के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिसे सलीम-जावेद ने लिखा था।

सलीम ने अपने इस रिश्ते को ‘इमोशनल एक्सीडेंट’ करार दिया था। वहीं, सलीम ने अपने इस रिश्ते को जमाने से छुपाया नहीं। उन्होंने सबसे पहले खुद पहली बीवी सलमा को इस बारे में बताया, ताकि वो किसी गॉसिप मैगजीन या किसी और से यह खबर न सुनें। सलीम ने अपने बच्चों को भी इस बारे में खुलकर बताया। उस वक्त सलमान करीब 10 साल के थे।

फिर, सलीम खान ने हेलेन से दूसरी शादी की। 1981 में दोनों ने निकाह किया। सलीम-हेलेन दोनों की ये दूसरी शादी थी। हेलेन की पहली शादी फिल्म प्रोड्यूसर प्रेम नारायण अरोड़ा से 1957 में हुई थी। लेकिन, दोनों का 1974 में अलगाव हो गया। फिर, हेलेन सलीम के करीब आईं..और, दोनों ने घर बसाने का फैसला लिया। हालांकि, इनकी शादी के बाद खान परिवार में खूब मनमुटाव हुए। सलमान और उनके दोनों भाई हेलन के बिल्कुल खिलाफ थे। खुद सलमा खान भी इस शादी से दुखी थीं। इसका खुलासा एक इंटरव्यू में खुद सलमा ने किया था। उनके मुताबिक, इस शादी की वजह से बहुत ही डिप्रेस और डिस्टर्ब चीजें हुईं। सलमान, अरबाज और सोहेल तो उनसे बात तक नहीं करते थे।

लेकिन वो कहावत है ना कि, ”समय से बड़ा मरहम कोई नहीं”। धीरे-धीरे तीनों भाइयों और खुद सलमा खान को महसूस हुआ कि हेलन उतनी बुरी नहीं हैं जितना वो समझते हैं। बल्कि वो तो बहुत ही अच्छी हैं और सभी का ख्याल रखती हैं। और, फिर तो..जैसे सलीम खान और हेलन को कायनात ही मिल गई। पूरा परिवार एकजुट हो गया।

बहरहाल, आज सलमा और हेलन के रिश्ते की मिसाल दी जाती है। सौतन होकर भी दोनों एक ही बिल्डिंग गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में रहती हैं और परिवार के सभी फंक्शन्स में साथ नजर आती हैं।

Related Articles

Back to top button