यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती का शेड्यूल जारी, फिजिकल टेस्ट में इतनी होगी दौड़
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 के PET का शेड्यूल जारी हो गया है. 32,679 पदों के लिए फिजिकल टेस्ट 1 अक्टूबर से शुरू होगा. जानें पुरुषों और महिला अभ्यर्थियों के लिए कितने किलोमीटर की दौड़ है?

4पीएम न्यूज नेटवर्क: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 के PET का शेड्यूल जारी हो गया है. 32,679 पदों के लिए फिजिकल टेस्ट 1 अक्टूबर से शुरू होगा. जानें पुरुषों और महिला अभ्यर्थियों के लिए कितने किलोमीटर की दौड़ है?
उत्तर प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी अपडेट है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने कांस्टेबल और समान पदों की सीधी भर्ती-2025 के फिजिकल टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया है. 32,679 पदों के लिए होने वाली भर्ती में लिखित परीक्षा और DV-PST में सफल अभ्यर्थी अब PET में शामिल होंगे. फिजिकल टेस्ट 1 अक्टूबर से शुरू होगा. PET में सफल होना फाइनल सेलेक्शन के लिए जरूरी होगा. अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और परीक्षा संबंधी निर्देशों के लिए बोर्ड की वेबसाइट देखते रहना होगा.
1 अक्टूबर से शुरू होगा फिजिकल टेस्ट
UPPRPB के अनुसार, कांस्टेबल और समान पदों की भर्ती का फिजिकल टेस्ट 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा. सामान्य जिलों में यह प्रक्रिया 7 अक्टूबर तक चलेगी. वहीं, ज्यादा अभ्यर्थियों के कारण मुरादाबाद, मेरठ और गाजियाबाद में परीक्षा 8 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी. इन जिलों के लिए 8 अक्टूबर को रिजर्व-डे भी रखा गया है. अन्य जिलों में 7 अक्टूबर रिजर्व-डे होगा.
पुरुषों को कितने किलोमीटर दौड़ना होगा?
PET में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 4.8 किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई है. इसे 25 मिनट के अंदर पूरा करना होगा. निर्धारित समय में दौड़ पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थी आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे.
महिला अभ्यर्थियों के लिए कितने किलोमीटर की दौड़?
महिला कैंडिडेट्स को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 14 मिनट में पूरी करनी होगी. इसलिए अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वो परीक्षा से पहले अपनी रनिंग स्पीड और स्टैमिना पर विशेष ध्यान दें. रोजाना प्रैक्टिस से निर्धारित समय में दौड़ पूरी करने की तैयारी की जा सकती है.
किन अभ्यर्थियों को बुलाया गया?
भर्ती की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को हुई थी. इसका रिजल्ट 31 जुलाई को जारी किया गया था. इसके बाद DV-PST में सफल या औपबंधिक (Provisional) रूप से सफल अभ्यर्थियों को PET के लिए बुलाया गया है. अब इन्हीं अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट में शामिल होना होगा.
कब जारी होगा एडमिट कार्ड?
फिजिकल टेस्ट का एडमिट कार्ड परीक्षा से करीब एक सप्ताह पहले UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा. इसमें परीक्षा केंद्र, दौड़ की तारीख और रिपोर्टिंग टाइम की जानकारी मिलेगी. अभ्यर्थियों को सलाह है कि वो वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें.



