सोनौली बॉर्डर पर अचानक पहुंचे बड़े अफसर, सुरक्षा से लेकर आईसीपी तक मचा हड़कंप
सोनौली बॉर्डर पर मंडलायुक्त समेत आला अधिकारियों ने सुरक्षा, आईसीपी, मुड़िला बहुउद्देशीय हब और निर्माणाधीन फायर स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने समयबद्ध काम के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली बॉर्डर की हलचल के बीच गुरुवार को प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। गोरखपुर मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह, गोरखपुर रेंज के डीआईजी एस. चन्नप्पा, महराजगंज जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा, आवागमन और विकास कार्यों की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।
सीमा सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने की समीक्षा
अधिकारियों ने एसएसबी और पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। सीमा पर सतर्कता बढ़ाने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने सोनौली क्षेत्र में आवागमन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
मुड़िला बहुउद्देशीय हब की प्रगति देखी
निरीक्षण टीम ने नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के मुड़िला स्थित बहुउद्देशीय हब का दौरा किया। मंडलायुक्त ने परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक, हब शुरू होने के बाद पर्यटकों, श्रद्धालुओं और आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकती हैं। इससे सीमावर्ती क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आईसीपी और निर्माणाधीन फायर स्टेशन भी देखा
इसके बाद अधिकारियों ने थाना सोनौली स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का निरीक्षण किया और वहां तैनात कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। टीम ने थाना नौतनवा क्षेत्र में निर्माणाधीन फायर स्टेशन का भी जायजा लिया। निर्माण की प्रगति और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी लेते हुए काम को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने संकेत दिया कि सोनौली जैसे महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा के साथ विकास परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: हाथ में चीनी-प्याज लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा कार्यकर्ता, जमकर हुई नारेबाजी



