बांदा में सनसनी: नहाते समय पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, बेटी लौटी तो खून से लथपथ मिली मां
बांदा के बगेहटा गांव में पति ने नहाते समय पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। बेटी के घर लौटने पर सामने आया खौफनाक मंजर। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

4pm न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक घर, जहां रोज की तरह मामूली झगड़ा होता था, वही झगड़ा एक दिन इतना बढ़ गया कि उसने एक महिला की जान ले ली। सबसे दर्दनाक पल तब आया, जब बेटी घर लौटी और सामने मां की लाश पड़ी थी।
नहाते समय पत्नी पर किया हमला
बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बगेहटा गांव में यह दिल दहला देने वाली वारदात हुई। जानकारी के मुताबिक, मोबीन और उसकी पत्नी सरफिया (52) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान जब सरफिया घर में नहा रही थी, तभी आरोपी पति ने कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर किए गए कई वार इतने गंभीर थे कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटी ने देखा खौफनाक मंजर
घटना के समय घर में उनकी बेटी मौजूद नहीं थी। वह रोज की तरह कोचिंग पढ़ने गई हुई थी। जब वह वापस लौटी, तो घर के अंदर का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। उसकी मां खून से लथपथ पड़ी थी। बेटी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी पिता घर छोड़कर फरार हो चुका था।
गांव में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं, ताकि मामले की जांच मजबूत हो सके।
घरेलू विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह मामला घरेलू कलह का लग रहा है। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था, जो इस बार जानलेवा बन गया। फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असली वजह पूरी तरह साफ हो पाएगी।
रिपोर्ट -इक़बाल खान
यह भी पढ़ें: उन्नाव में सपा नेताओं का गांव-गांव दौरा, शोक संतप्त परिवारों से मिले जिलाध्यक्ष, मदद का दिया भरोसा



