श्री चरणी ने 817 रेटिंग अंक हासिल कर रचा इतिहास

- टी20 रैंकिंग में मेगन शट के 806 रेटिंग अंक का तोड़ा रिकार्ड
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। भारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने आईसीसी महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में नया इतिहास रच दिया है। चरणी ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 817 रेटिंग अंक हासिल की हैं। इसके साथ ही वह महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में सबसे ज्यादा रेटिंग अंक हासिल करने वाली गेंदबाज बन गई हैं। चरणी पहले से ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज हैं। अब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज गेंदबाज मेगन शट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शट ने नवंबर 2018 में 806 रेटिंग अंक हासिल किए थे, जो अब तक महिला टी20 गेंदबाजी में सबसे ज्यादा थे।
श्री चरणी ने एशियन गेम्स 2026 में भारत की स्वर्ण पदक जीतने की मुहिम में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने जापान के खिलाफ मुकाबले में 10 रन देकर चार विकेट लेकर अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। एशियन गेम्स के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ छह रन देकर तीन विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। वह 754 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 723 प्वाइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं। एशियन गेम्स फाइनल में 79 रन की शानदार पारी खेलने वाली स्मृति मंधाना ने भी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में सुधार किया है। इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप-5 में वापसी कर ली है। वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में हालांकि मंधाना का दबदबा बरकरार है। वह 790 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ शीर्ष पर बनी हुई हैं। ऑस्ट्रेलिया की एशले गार्डनर 497 प्वाइंट्स के साथ वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर बनी हुई हैं। हेली मैथ्यूज 502 प्वाइंट्स के साथ टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में नंबर-1 हैं। वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग 753 प्वाइंट्स के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत की स्मृति मंधाना 790 प्वाइंट्स के साथ नंबर-1 बनी हुई हैं।
एशियन खेल: कल सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगा भारत
निसिन। एशियन खेल 2026 के पुरुष क्रिकेट के सेमीफाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश का सामना पाकिस्तान से होगा। दोनों सेमीफाइनल एक अक्टूबर को खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका भिड़ेंगे। भारतीय पुरुष टीम एशियन खेल में अपने खिताब का बचाव करने उतरी है। 2023 हांगझोउ एशियन खेल में भारत ने पुरुष क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता था। भारत और अफगानिस्तान के बीच फाइनल बारिश के कारण रद्द होने के बाद बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत को स्वर्ण पदक दिया गया था।



