शुभमन गिल फिर बने वनडे के नंबर-1 बल्लेबाज

  • टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाडिय़ों का दबदबा, वैभव ने लगाई 230 पायदान की छलांग

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
दुबई। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज का ताज एक बार फिर से हासिल कर लिया है। वहीं, जिम्बाब्वे के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 साल के युवा वैभव सूर्यवंशी ने टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में 230 स्थानों की लंबी छलांग लगाकर 48वां स्थान हासिल कर लिया है। शुभमन गिल अपने करियर में तीसरी बार वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचे हैं।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डैरिल मिचेल वेस्टइंडीज सीरीज में नहीं खेल रहे थे, जिसका फायदा शुभमन गिल को मिला और वे मिचेल को पछाडक़र दोबारा वनडे के शीर्ष बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं, टी20 रैंकिंग में भारत के ईशान किशन 910 रेटिंग पॉइंट्स के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। जो अभिषेक शर्मा (931) और डेविड मलान (919) के बाद तीसरी सबसे बड़ी रेटिंग है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज में 151 रन बनाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी 230 पायदान चढक़र सीधे 48वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके अलावा भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा दो स्थान के सुधार के साथ टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में छठे स्थान पर आ गए हैं, जबकि श्रेयस अय्यर सात पायदान की छलांग लगाकर 24वें स्थान पर पहुंचे हैं। गेंदबाजों में लेग स्पिनर रवि बिश्नोई 31 स्थानों के सुधार के साथ गेंदबाजी रैंकिंग में 41वें नंबर पर आ गए हैं। चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे से बाहर रहने वाले वरुण चक्रवर्ती तीन स्थान खिसकने के बावजूद अभी भी टॉप-10 गेंदबाजों में बने हुए हैं। वहीं टेस्ट में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ऑलराउंडरों की सूची में भी 9वें नंबर पर पहुंच गए हैं। बाबर आजम टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

अब लीडरशीप की भूमिका में भी दिखेंगे वैभव सूर्यवंशी

कोलकाता। भारतीय टीम के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी मैदान पर अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुके हैं। वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया था। घरेलू क्रिकेट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले वैभव अब लीडरशीप की भूमिका में भी नजर आएंगे। सूर्यवंशी को अगले महीने से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी के लिए ईशान किशन की अगुआई वाली पूर्व क्षेत्र टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। यह टूर्नामेंट 23 अगस्त से छह सितंबर तक बंगलूरू स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा। बंगाल और झारखंड के खिलाडिय़ों के वर्चस्व वाली टीम में 15 वर्षीय सूर्यवंशी को अपने पहले लाल गेंद के क्षेत्रीय टूर्नामेंट में ही उपकप्तान बनाए जाने को इस बात का संकेत माना जा रहा है कि उन्हें सभी प्रारूपों के खिलाड़ी के रूप में तैयार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button