शंकर सिंह वाघेला की कांग्रेस में वापसी के संकेत, 86 की उम्र में फिर बदलेगा सियासी रुख?

गुजरात के पूर्व सीएम शंकर सिंह वाघेला ने कांग्रेस में वापसी की इच्छा जताई है. उन्होंने 2 अक्टूबर को नई पार्टी बनाने का अपना प्लान फिलहाल टाल दिया है. गुजरात की राजनीति में यह एक अहम मोड़ हो सकता है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गुजरात के पूर्व सीएम शंकर सिंह वाघेला ने कांग्रेस में वापसी की इच्छा जताई है. उन्होंने 2 अक्टूबर को नई पार्टी बनाने का अपना प्लान फिलहाल टाल दिया है. गुजरात की राजनीति में यह एक अहम मोड़ हो सकता है.

गुजरात के पूर्व सीएम शंकर सिंह वाघेला ने कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा जताई है. वाघेला ने 2 अक्टूबर को नई पार्टी बनाने का प्लान फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दिया है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, वाघेला से सकारात्मक बातचीत हुई है, लेकिन पार्टी में आने पर उनकी भूमिका और रोल को लेकर आलाकमान से चर्चा होनी है, जिसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा.

गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि वाघेला की कांग्रेस में वापसी को लेकर हाई कमांड के साथ बातचीत चल रही है. भाजपा से असंतुष्ट कई नेता कांग्रेस से बातचीत कर रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि कांग्रेस एक साझा राजनीतिक मंच प्रदान कर सकती है. उन्होंने आगे कहा कि वाघेला बीजेपी, RSS और प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करने में भी मुखर रहे हैं.

शंकरसिंह वाघेला ने हाल ही में अपनी प्रजा शक्ति लोकतांत्रिक पार्टी को दोबारा शुरू किया था. उन्होंने कहा था कि 2027 का गुजरात विधानसभा चुनाव वे अपने दल के साथ अकेले लड़ेंगे. इस दौरान उन्होंने ये भी कहा था कि कांग्रेस में वापस जाने का समय निकल चुका है और वे अपना चुनाव अपने राजनीतिक मंच से लड़ना चाहते हैं. मगर सूत्रों के मुताबिक खबर है कि वाघेला कांग्रेस के संपर्क में हैं.

1995 में छोड़ी थी BJP
बता दें कि 1995 में वाघेला BJP छोड़कर राष्ट्रीय जनता पार्टी (RJP) बनाई थी. कांग्रेस के समर्थन से वे गुजरात के मुख्यमंत्री बने, फिर 1998 में कांग्रेस में शामिल हो गए. 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी. उनके साथ कई विधायक भी पार्टी से निकल गए. इसके बाद उन्होंने जन विकल्प मोर्चा बनाया, लेकिन 2017 के चुनाव में उनका कोई उम्मीदवार नहीं जीत सका.

2019 में NCP का दामन
साल 2019 में वे एनसीपी में गए और कुछ समय राष्ट्रीय महासचिव भी रहे, फिर पार्टी छोड़ दी. नवंबर 2024 में उन्होंने अपने घर वसंत वागदो में बैठक के बाद प्रजा शक्ति डेमोक्रेटिक पार्टी शुरू की. बाद में 2027 के चुनाव से पहले पार्टी को फिर सक्रिय किया और 2 अक्टूबर से राजनीतिक अभियान शुरू करने की योजना बताई. गांधीनगर में 2 अक्टूबर की घटना के बाद अब उनकी कांग्रेस में संभावित वापसी की चर्चा चल रही है. गांधीनगर नगर निगम चुनाव भी करीब हैं, इसलिए कांग्रेस नेता वाघेला के प्रभाव और नेटवर्क पर नजर रखे हुए हैं.

Related Articles

Back to top button