खेत से घर लौटते समय लापता हुई बच्ची, 30 किमी दूर खून से लथपथ मिली; लखनऊ रेफर
Sitapur News: सीतापुर में खेत से घर लौटते समय लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची करीब 30 किमी दूर गंभीर हालत में मिली। लखनऊ रेफर बच्ची के मामले में पुलिस CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: खेत से घर लौट रही 12 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई। परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन देर रात उसकी बरामदगी की खबर आई तो सभी के होश उड़ गए। बच्ची रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के अंगरौरा गांव के पास बांध पर गंभीर हालत में मिली। उसके शरीर और कपड़ों पर खून लगा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। परिजनों ने दरिंदगी की आशंका जताई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
धान काटने गई थी परिवार के साथ, घर नहीं पहुंची बच्ची
मामला सदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम 12 वर्षीय बच्ची परिवार के साथ धान काटने खेत गई थी। वहां से उसे घर भेज दिया गया, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। परिवार के लोग लौटे तो बच्ची गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। देर रात पुलिस ने ग्राम प्रधान के माध्यम से सूचना दी कि बच्ची करीब 30 किलोमीटर दूर रामपुर मथुरा क्षेत्र के अंगरौरा के पास गंभीर हालत में मिली है।
खून से सने कपड़े देख परिजनों ने जताई दरिंदगी की आशंका
बच्ची को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। गुरुवार सुबह अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार व थाना प्रभारी मुकेश वर्मा से जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
CCTV में युवक के साथ दिखी बच्ची, संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में बच्ची बुधवार शाम रामपुर मथुरा थाने के सामने एक युवक के साथ बाइक पर पीछे बैठी दिखाई दी है। पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मोबाइल टावरों के BTS डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। सीओ के मुताबिक, रामपुर मथुरा थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: घरवाले सोते रहे, लाखों के जेवर समेट ले गए चोर! सुबह खुला राज तो उड़ गए होश



