DM के औचक निरीक्षण में खुली पोल, ANM का 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश

सीतापुर के सिधौली में डीएम राजागणपति आर. ने औचक निरीक्षण किया। वीएचएसएनडी सत्र और पंचायत भवन में कमियां मिलने पर एएनएम समेत अन्य कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः सीतापुर के सिधौली में अचानक पहुंचे जिलाधिकारी राजागणपति आर. ने स्वास्थ्य और पंचायत व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। टड़ई कलां के पंचायत भवन में चल रहे वीएचएसएनडी सत्र के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं। लापरवाही मिलने पर डीएम ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

गर्भवती महिलाओं से बात कर जांची वैक्सीनेशन व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान डीएम ने गर्भवती महिलाओं से सीधे बातचीत की और वैक्सीनेशन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आईस बॉक्स, वैक्सीनेशन किट और बीपी मशीन समेत जरूरी स्वास्थ्य उपकरणों की स्थिति भी देखी।

जांच में ड्यू लिस्ट और एचआरपी रजिस्टर में कमियां मिलीं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए एएनएम को नोटिस जारी करने और 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकत्री के अभिलेखों में भी खामियां मिलने पर नोटिस जारी करने को कहा गया।

पंचायत भवन में अधूरे मिले कई अभिलेख

डीएम ने पंचायत भवन में आय-जाति प्रमाण पत्र से जुड़े अभिलेख और पुस्तकालय के दस्तावेज भी जांचे। जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं मिलने पर पंचायत सहायक को नोटिस देने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा पंचायत भवन की व्यवस्थाओं और बैठकों से संबंधित दस्तावेज भी अधूरे पाए गए। मामले में पंचायत सचिव को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही पर सख्त संदेश, सीएमओ रहे मौजूद

औचक निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं और जनसेवा से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के समय सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर भी मौजूद रहे।

इस कार्रवाई से स्वास्थ्य और पंचायत विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही। डीएम के निर्देशों के बाद संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा जाएगा और आगे की कार्रवाई उनके स्पष्टीकरण के आधार पर तय होगी।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: मेडिकल स्टोर के अंदर चल रहा था ऐसा खेल, जांच टीम पहुंची तो संचालक फरार

Related Articles

Back to top button