जमीन की जरूरत नहीं, पुराने टायर से बनाएं किचन गार्डन और घर पर उगाएं सब्जियां
कम जगह में भी खीरा, लौकी, करेला, तोरई और बीन्स उगा सकते हैं। पुराने टायर, मिट्टी और सहारे की मदद से घर में आसानी से छोटा किचन गार्डन तैयार करें।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः घर में सब्जियां उगाने का शौक है, लेकिन जगह कम है? तो इसका हल आपके घर के किसी कोने में पड़ा पुराना टायर हो सकता है। थोड़ी मेहनत और सही तरीके से तैयार की गई मिट्टी की मदद से इसमें खीरा, लौकी, करेला, तोरई और बीन्स जैसी बेल वाली सब्जियां उगाई जा सकती हैं। खास बात यह है कि बेल को जमीन पर फैलाने के बजाय ऊपर की ओर बढ़ाकर कम जगह का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।
पुराने टायर से बनाएं पौधों की जगह
सबसे पहले पुराने टायर को अच्छी तरह साफ करके धूप में सुखा लें। ध्यान रखें कि टायर बहुत ज्यादा कटा-फटा या कमजोर न हो। गार्डन को आकर्षक बनाने के लिए इसे अपनी पसंद के रंग में भी रंग सकते हैं।
टायर को ऐसी जगह रखें जहां पौधों को पर्याप्त धूप मिले। बेल वाली सब्जियों के लिए अच्छी रोशनी जरूरी होती है, इसलिए बहुत छायादार जगह से बचें।
मिट्टी में कंपोस्ट मिलाना जरूरी
टायर के अंदर अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी के साथ कंपोस्ट और जैविक खाद का मिश्रण भरें। मिट्टी को बहुत ज्यादा दबाकर सख्त न करें। साथ ही पानी की निकासी का रास्ता जरूर रखें, ताकि अतिरिक्त पानी जमा न हो।
मिट्टी तैयार होने के बाद खीरा, करेला, तोरई, लौकी या बीन्स के बीज लगाए जा सकते हैं। बीज लगाने के बाद हल्का पानी दें और मिट्टी में नमी बनाए रखें।
बेल को जमीन नहीं, ऊपर बढ़ाएं
पौधा निकलने के बाद सबसे जरूरी है उसे मजबूत सहारा देना। इसके लिए बांस की खपच्ची, लकड़ी की डंडियां या जाली का इस्तेमाल किया जा सकता है। सहारा इस तरह लगाएं कि बेल को ऊपर चढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिले।
जैसे-जैसे बेल बढ़े, उसे धीरे-धीरे सहारे पर चढ़ाते रहें। इससे पौधा जमीन पर फैलने के बजाय ऊपर की ओर बढ़ेगा और छोटी जगह में भी अच्छी तरह सब्जियां उगाई जा सकेंगी।
यह भी पढ़ें: बारिश में फर्श पर जम गई हरी काई? 5 आसान उपायों से मिनटों में करें सफाई



