सीतापुर में कार्यक्रम के बीच ऐसा क्या हुआ? विवाद के बाद महिला की मौत, छह पर केस
सीतापुर के महमूदाबाद में बेटी की ससुराल में कार्यक्रम के दौरान विवाद के बाद महिला की पिटाई से मौत हो गई। पुलिस ने पति समेत छह लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में बेटी की ससुराल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बीच महिला की पिटाई की गई, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने मृतका की बेटी के बयान के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बेटी की ससुराल में हुआ था विवाद
बंसीपुर गांव निवासी मोहिनी सोमवार को अपनी मां दुराली (50), पत्नी भल्लू के साथ अगैया गांव स्थित अपनी ससुराल में एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दुराली की कहासुनी हो गई।
मोहिनी का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसके पति रंगीलाल समेत अन्य लोगों ने दुराली पर हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गंभीर हालत में दुराली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही महमूदाबाद कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे।
वहीं, विवाद के बाद तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति समेत छह के खिलाफ मुकदमा, तलाश जारी
सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव के मुताबिक, मामले में पति समेत छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया है और उनकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल हत्या की वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर के केंद्रीय विद्यालय में संस्कृत का जलवा, इन छात्रों ने प्रतियोगिताओं में मारी बाजी



