मोबाइल ने खोला लाश की पहचान का राज, सीतापुर में 20 वर्षीय व्यापारी की मौत से सनसनी

सीतापुर में दो दिन से लापता कॉस्मेटिक व्यापारी नैमिष का शव खैराबाद में ढाबे के पीछे मिला। मोबाइल से पहचान हुई, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।

सीतापुर में दो दिन से लापता 20 वर्षीय कॉस्मेटिक व्यापारी का शव खैराबाद क्षेत्र में एक ढाबे के पीछे सड़ी-गली हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास मिले मोबाइल फोन से युवक की पहचान हुई। परिजनों ने हत्या कर शव छिपाए जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

ढाबे के पीछे मिला सड़ा-गला शव

खैराबाद थाना क्षेत्र में मछरेहटा चौकी चौराहे के पास मुख्य मार्ग स्थित एक ढाबे के पीछे तेज दुर्गंध के बाद लोगों की नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही एसओ खैराबाद अनिल सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शव के पास मोबाइल फोन मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के समदासपुर निवासी नैमिष (20) पुत्र राजू के रूप में हुई।

दुकान बंद कर घर के लिए निकला था युवक

परिजनों के मुताबिक नैमिष कल्ली इलाके में कॉस्मेटिक की दुकान चलाता था। दुकान बंद करने के बाद वह घर के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिवार ने मिश्रिख थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अब शव मिलने के बाद पूरे मामले की जांच नए सिरे से शुरू हो गई है।

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एसओ अनिल सिंह के अनुसार शव की स्थिति देखकर प्रथमदृष्टया विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका नजर आ रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगी। दूसरी ओर, परिजनों ने हत्या कर शव को छिपाए जाने का दावा किया है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिससे मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने समझाकर स्थिति सामान्य कराई।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: शादी का झांसा, फिर दुष्कर्म का आरोप; एक महीने से थानों के चक्कर काट रही युवती

Related Articles

Back to top button