सीतापुर में लकड़ी कारोबारी की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव; पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

सीतापुर के सिधौली में किराए के कमरे में लकड़ी कारोबारी इंजमाल का शव मिला। परिवार ने मौत पर संदेह जताया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के सिधौली कस्बे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किराए के कमरे में रह रहे 42 वर्षीय लकड़ी कारोबारी का शव मिला। कारोबारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है। परिवार ने भी अचानक हुई मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

किराए के कमरे में मिला शव

मामला सिधौली कोतवाली क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर का है। बाड़ी गांव निवासी इंजमाल पुत्र इरफान पिछले कुछ समय से रानी तालाब के पास किराए के कमरे में रह रहा था। गुरुवार देर शाम लकड़ी काटने वाले मजदूर उससे मिलने कमरे पर पहुंचे। अंदर इंजमाल मृत अवस्था में मिला, जिसके बाद सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई।

परिवार ने जताया मौत पर संदेह

परिजनों के मुताबिक इंजमाल लकड़ी का कारोबार करता था और कस्बे में अकेले रह रहा था। अचानक उसकी मौत की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर घटना पर संदेह जताया है। हालांकि अभी तक मौत की वजह को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव के अनुसार पूछताछ में परिजनों ने बताया कि इंजमाल को शुगर और ब्लड प्रेशर की शिकायत थी। पुलिस ने मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: मोबाइल ने खोला लाश की पहचान का राज, सीतापुर में 20 वर्षीय व्यापारी की मौत से सनसनी

Related Articles

Back to top button