Sitapur News: सीतापुर में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, हालत गंभीर; लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
Sitapur News: सीतापुर के कैंचीपुल पर रविवार रात प्रॉपर्टी डीलर किशन मिश्रा को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर, परिजनों ने मोहित मिश्रा पर लगाया आरोप।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी गई। रविवार देर रात कैंचीपुल स्थित सब्जी मंडी के पास हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से घायल प्रॉपर्टी डीलर की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। परिजनों ने मोहित मिश्रा उर्फ मंगल पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
कैंचीपुल पर विवाद के बाद चली गोली
जानकारी के मुताबिक, शास्त्री नगर निवासी किशन मिश्रा प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। रविवार रात करीब 10:30 बजे कैंचीपुल पर सब्जी मंडी के पास उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी बढ़ने के बाद उन पर गोली चला दी गई। गोली लगते ही किशन मिश्रा लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर
घटना की सूचना मिलने पर घायल किशन मिश्रा को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत को लेकर विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सामने नहीं आई है।
मोहित मिश्रा उर्फ मंगल पर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
घायल के परिजनों ने मोहित मिश्रा उर्फ मंगल पर गोली मारने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस परिजनों के आरोपों और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह और गोली चलाने की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा INDIA ब्लॉक, अखिलेश यादव भी होंगे शामिल



