चोरी करके भागे चोर तो जाते-जाते लगा गए नया ताला, सुबह खुला लाखों की चोरी का राज

सीतापुर के नींबा डेहरा गांव में चोर नकदी-जेवर समेत लाखों का सामान चोरी कर जाते-जाते कमरे में नया ताला लगा गए। सुबह ताला देखकर परिवार को चोरी का पता चला।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के सदरपुर क्षेत्र में चोरी की एक वारदात ने परिवार को हैरान कर दिया। चोर घर से नकदी और जेवर समेत लाखों रुपये का सामान समेटकर तो ले गए, लेकिन जाते-जाते कमरे के दरवाजे पर नया ताला लगाकर फरार हो गए। सुबह परिवार ने दरवाजे पर अलग ताला देखा तो शक हुआ। अंदर पहुंचने पर अलमारी टूटी मिली और सामान गायब था।

रात में घर में घुसे चोर, अलमारी तोड़ी

घटना नींबा डेहरा गांव की है। गांव निवासी अजय मिश्रा पुत्र राममूर्ति मिश्रा रात में परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर किसी तरह घर में दाखिल हो गए। आरोप है कि चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और तांबे के बर्तन समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया।

सुबह नए ताले ने खींचा परिवार का ध्यान

चोरी का पता परिवार को सुबह चला। दरवाजे पर नया ताला लगा देखकर परिजन हैरान रह गए। ताला खुलवाकर कमरे में पहुंचे तो अलमारी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद अजय मिश्रा ने पुलिस को सूचना दी और सदरपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द खुलासे का दावा

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। सदरपुर थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: खेत में धान काटने पहुंचे दबंग? विरोध पर मारपीट, धारदार हथियार से वार का आरोप

Related Articles

Back to top button