सीतापुर में सड़क किनारे मिला युवक का शव, भाई ने जताई हत्या की आशंका
सीतापुर के महमूदाबाद में गायत्री मंदिर मार्ग के पास युवक का शव मिला। भाई ने हत्या की आशंका जताई है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और पुलिस CCTV खंगाल रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के महमूदाबाद में बुधवार सुबह सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। गायत्री मंदिर चक मार्ग के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सड़क किनारे पड़ा मिला शव
मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेरापुर का है। बेहटा छावनी निवासी अलताब के मुताबिक, उनका भाई मोहम्मद शादाब पिछले कुछ वर्षों से शेरापुर में पूजा शुक्ला के साथ किराये के मकान में रह रहा था। बुधवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने शादाब को गायत्री मंदिर चक मार्ग के पास सड़क किनारे पड़ा देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की।
भाई ने जताई हत्या की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाल सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक नमूने जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि युवक की मौत से जुड़े सुराग मिल सकें। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा था, हालांकि पुलिस जांच में मौत के कारण और घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में राजस्व टीम के सामने युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, BRD में भर्ती



