गोरखपुर में राजस्व टीम के सामने युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, BRD में भर्ती
गोरखपुर के पिपराइच में विवादित जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची राजस्व टीम के सामने युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। झुलसे युवक को BRD में भर्ती कराया गया, ग्रामीणों ने जाम लगाया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विवादित जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम के सामने एक युवक ने खुद को आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाकर युवक को बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पिपराइच-गोरखपुर मार्ग पर करीब 45 मिनट तक जाम लगा दिया।
पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद
मामला मौलाखोर गांव के पिपरा बनवरी टोले का है। यहां गुड्डी देवी और गंगा सागर सिंह पक्ष के बीच पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बताया गया कि राजस्व अभिलेखों में जमीन स्वर्गीय जगदीश सिंह की बेटी गुड्डी देवी के नाम दर्ज है। इसी जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए एसडीएम सदर के निर्देश पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम पहुंची थी।
दोनों पक्ष आमने-सामने, युवक ने लगाई आग
टीम के पहुंचते ही दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमीन को लेकर कहासुनी होने लगी। इसी दौरान गंगा सागर सिंह के बेटे महंथ सिंह ने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना के बाद नायब तहसीलदार ने कब्जा दिलाने की कार्रवाई रोक दी।
45 मिनट जाम, चार लोग हिरासत में
आत्मदाह के प्रयास की खबर के बाद परिजन और ग्रामीण सड़क पर बैठ गए। करीब 45 मिनट तक पिपराइच-गोरखपुर मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नहीं संभली तो हल्का बल प्रयोग किया गया। इसके बाद जाम खुल सका। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: 21.81 लाख किताबों की गहन जांच, 4,249 विवादित पुस्तकें हटाई गईं



