गर्मी में इन खाद्य पदार्थों से रहें दूर

- सबसे देर में पचता है ये भोजन
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
गर्मी के मौसम में बढ़ता तापमान सिर्फ शरीर को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि हमारे पाचन तंत्र पर भी गहरा असर डालता है। इस मौसम में खाना जल्दी खराब होना, भूख कम लगना और भारी भोजन पचाने में दिक्कत होना आम समस्या बन जाती है। जब शरीर पहले से ही गर्मी से जूझ रहा होता है, तब कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ होते हैं जो पचने में ज्यादा समय लेते हैं और पेट पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं। इसका नतीजा होता है अपच, गैस, एसिडिटी और सुस्ती जैसी परेशानियां। इसलिए यह जानना बेहद जरूरी है कि कौन से फूड्स गर्मियों में भारी पड़ सकते हैं और उनकी जगह किन हल्के और हेल्दी विकल्पों को अपनाया जा सकता है। सही खानपान न सिर्फ पाचन को बेहतर बनाता है बल्कि शरीर को ठंडा और एनर्जेटिक भी रखता है।
डेयरी हैवी प्रोडक्ट्स
फुल क्रीम दूध, भारी क्रीम, चीज और अन्य डेयरी उत्पाद गर्मियों में पचने में कठिन होते हैं। ये फूड्स शरीर में भारीपन पैदा कर सकते हैं और कई लोगों में गैस या अपच की समस्या बढ़ा सकते हैं। इसके बजाय दही, छाछ और लो-फैट दूध जैसे हल्के विकल्प शरीर को ठंडक देते हैं और पाचन को भी बेहतर बनाते हैं।
तला-भुना और और प्रोसेस्ड फूड
समोसा, पकौड़ी, फ्राइड स्नैक्स और अन्य तले हुए खाद्य पदार्थ गर्मियों में पाचन तंत्र पर भारी पड़ते हैं। इन फूड्स में ज्यादा तेल और फैट होता है, जिसे पचाने के लिए शरीर को अधिक मेहनत करनी पड़ती है। इसकी जगह हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन जैसे उबली हुई सब्जियां, ताजे सलाद, अंकुरित अनाज और भुना हुआ चना अधिक फायदेमंद होता है, जो शरीर को ऊर्जा भी देता है और पाचन को भी बेहतर रखता है। वहीं बर्गर, पिज्जा, चिप्स और पैकेज्ड फूड में प्रिजर्वेटिव्स और अनहेल्दी फैट की मात्रा ज्यादा होती है। ये खाद्य पदार्थ न केवल पचने में भारी होते हैं बल्कि शरीर में टॉक्सिन भी बढ़ा सकते हैं। जो हमारे शरीर के लिए काफी नुकसानदायक होता है। इनकी जगह ताजे फल, सलाद और घर का बना हल्का खाना ज्यादा फायदेमंद होता है, जो शरीर को पोषण भी देता है और पाचन को भी आसान बनाता है। वहीं जंक फूड खाने की वजह से दातों में सडऩ की समस्या भी पैदा हो सकती हैं। क्योंकि जंक फूड अधिकतर दांत के चिपक जाते है। जिस कारण धीरे -धीरे दांत खराब होने लगते है।
ज्यादा मसालेदार खाना
बहुत ज्यादा तीखा और मसालेदार भोजन गर्मियों में शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे खाने से पेट में जलन, एसिडिटी और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं। गर्म मौसम में हल्के मसालों जैसे जीरा, धनिया और हल्दी वाला खाना ज्यादा बेहतर माना जाता है। घर का सादा और संतुलित भोजन न सिर्फ पाचन को आसान बनाता है बल्कि शरीर को ठंडक भी देता है।
रेड मीट
रेड मीट यानी कि मटन में प्रोटीन और फैट की मात्रा अधिक होती है, जिसे पचाने में शरीर को ज्यादा समय और ऊर्जा लगती है। गर्मियों में इसका सेवन करने से पेट भारी महसूस हो सकता है और सुस्ती भी आ सकती है। इसके मुकाबले चिकन, मछली या दालें हल्की होती हैं और आसानी से पच जाती हैं, जिससे शरीर को पर्याप्त पोषण भी मिलता है और पाचन तंत्र पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता।



