टीवीके विधायक के खुलासे से मचा बवाल

- विजय सरकार गिराने के लिए 35 करोड़ की पेशकश, पुलिस की जांच में बड़े नाम
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेन्नई। विधानसभा स्पीकर प्रभाकर के खिलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में वोट करने के लिए 35 करोड़ रुपये की पेशकश की थी। यह साजिश तब सामने आई जब तमिलगा वेट्री कजग़म (टीवीके) के विधायक एन. एलैयाराजा ने आरोप लगाया कि उन्हें स्पीकर के खि़लाफ़ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए 35 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी। सत्ता में सिर्फ़ दो महीने रहने के बाद, तमिलनाडु में विजय की सरकार को गिराने की एक कथित साजि़श का पता चला है। बुधवार को तीन आरोपियों की गिरफ़्तारी के साथ यह मामला सामने आया।
आरोप है कि डीएमके नेताओं ने टीवीके विधायकों को विधानसभा स्पीकर जेसीडी प्रभाकर के खि़लाफ़ अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में वोट करने के लिए 35 करोड़ रुपये की पेशकश की थी। यह साजिश तब सामने आई जब इलायराजा ने 29 जून को चेन्नई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत के अनुसार, थिरुनावुक्कारासु नाम के एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और दावा किया कि वह इंडियन पॉलिटिकल डेमोक्रेटिक स्ट्रेटेजीजऩाम की एक ओपिनियन पोलिंग संस्था का प्रमुख है। उसने कथित तौर पर विधायक से कहा कि वह एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के सदस्यों की ओर से बात कर रहा है। इलायराजा ने आरोप लगाया कि कॉलर ने उन्हें बताया कि जल्द ही तमिलनाडु विधानसभा के स्पीकर के खिलाफ एक प्रस्ताव लाया जाएगा और उनसे आग्रह किया कि वे सत्ताधारी टीवीके के विधायक होने के बावजूद इसके पक्ष में वोट करें।
पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी और उनके भाई का नाम शामिल
तमिलनाडु पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जांचकर्ताओं को डीएमके के पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी और उनके भाई वी. अशोक कुमार के साथ कथित संबंध भी मिले हैं। पुलिस का दावा है कि अशोक कुमार चेन्नई में आरोपियों में से एक, नरेश से मिले थे। जांचकर्ताओं का यह भी आरोप है कि थिरुनावुक्कारासु ने सेंथिल बालाजी और अशोक कुमार के कहने पर इलैयाराजा से संपर्क किया था। अधिकारियों ने यह भी कहा कि इंटेलिजेंस से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार को गिराने की कोशिश में कम से कम 15 टीवीके विधायकों को तोडऩे की कथित योजना थी। जांच जारी है और पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच का दायरा सेंथिल बालाजी और अशोक कुमार तक भी बढ़ सकता है।



