मिर्जापुर में मौत बनकर टूटा तूफान! 17 लोगों की गई जान, गांवों का संपर्क टूटा

मिर्जापुर में आए भीषण आंधी-तूफान ने मचाई भारी तबाही। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के मुताबिक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। पीपा पुल टूटने से 20 गांवों का संपर्क कटा, बिजली व्यवस्था ठप और कई इलाके प्रभावित हुए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर में बुधवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। पहले जहां 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, वहीं अब मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 17 पहुंच गया है। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने की है। जिलाधिकारी के अनुसार, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने, टिन शेड उड़ने और आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाओं में 17 लोगों की जान गई है। कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।

गांव से शहर तक तबाही के निशान

आंधी-तूफान का असर पूरे जिले में देखने को मिला। कई जगहों पर विशाल पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। शहर के प्रमुख इलाकों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। विंध्याचल अटल चौक पर हाई मास्क लाइट गिर गई, जबकि डीएम और एसपी आवास जाने वाले मार्ग पर भी पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया। मंडलीय अस्पताल के पास पेड़ की डाल गिरने से एक राहगीर घायल हो गया।

पीपा पुल टूटने से 20 गांवों का संपर्क कटा

छानबे विकास खंड क्षेत्र के गौरा-परमानपुर मार्ग पर गंगा नदी में बना पीपा पुल तेज बहाव और आंधी के कारण टूट गया। यह पुल करीब 20 गांवों को जोड़ने वाला अहम संपर्क मार्ग था। पुल टूटने के बाद ग्रामीणों का संपर्क तहसील और शहर से लगभग कट गया है। स्थानीय लोगों को अब लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है।

कई दर्दनाक हादसों में गई जान

पड़री थाना क्षेत्र में आम और महुआ के पेड़ गिरने से कई लोगों की मौत हुई। कछवां क्षेत्र में टिन शेड गिरने से महिला की जान चली गई, जबकि हरदरा इलाके में स्कॉर्पियो पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग गंभीर घायल हो गए। चील्ह क्षेत्र में दीवार गिरने और अदलहाट में आकाशीय बिजली गिरने से भी लोगों की जान गई। लालगंज क्षेत्र में उड़ते टिन शेड से महिला की गर्दन कटने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

प्रशासन राहत कार्य में जुटा

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य कर रही हैं। बिजली विभाग को जल्द आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग और नगर निकाय की टीमें सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने में लगी हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: पीएम आवास योजना में करोड़ों के घोटाले का आरोप, डूडा के संविदाकर्मियों पर उठे गंभीर सवाल

Related Articles

Back to top button