GATE को स्टूडेंट्स मानें AI का एंट्री गेट… IIT प्रोफेसर ने ऐसा क्यों कहा ?
GATE 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन जारी है. इस बीच IIT मद्रास के प्रोफेसर बलरामन रवींद्रन ने AI में करियर बनाने की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स से GATE को AI का एंट्री गेट मानने को अपील की है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: GATE 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन जारी है. इस बीच IIT मद्रास के प्रोफेसर बलरामन रवींद्रन ने AI में करियर बनाने की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स से GATE को AI का एंट्री गेट मानने को अपील की है.
दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अपनी धमक दिखा रहा है. इसके अनुरूप ही एजुकेशन में भी AI की एंट्री हो गई है, जिसके तहत स्कूलों में AI करिकुलम शुरू किया गया है तो वहीं कई AI कोर्स भी शुरू हो गए हैं, लेकिन कहीं ना कहीं AI एजुकेशन को लेकर स्टूडेंट्स के मन में कई तरह के भ्रम हैं.
मसलन, मौजूदा समय में 12वीं या ग्रेजुएशन कर रहे स्टूडेंट्स के सामने AI एजुकेशन में एंट्री को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है. इस बीच इस संबंध में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) मद्रास के प्रोफेसर बलरामन रवींद्रन का बयान चर्चा में है. IIT मद्रास के प्रोफेसरने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) को AI का एंट्री गेट बताया है.
GATE को AI का गेटवे मानने की अपील
IIT मद्रास के प्रोफेसर बलरामन रवींद्रन ने कहा कि देश के AI भविष्य का रास्ता एक एग्जाम पेपर से शुरू हो सकता है. उन्होंने GATE को AI का गेटवे मानने की अपील स्टूडेंट्स से की है. उन्होंने कहा कि भारत को अपनी अलग-अलग तरह की चीजों के हिसाब से सिस्टम बनाने के लिए देश में ही रिसर्च और टैलेंट की जरूरत है. उन्होंने कहा कि AI सेक्टर में आने के इच्छुक युवा GATE को AI क्रांति में हिस्सा लेने के लिए एक “एंट्री कार्ड मान सकते हैं. इसमें नया शुरू हुआ GATE डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (DA) पेपर प्रमुख है.
GATE DA पेपर पर दें ध्यान
IIT मद्रास में वाधवानी स्कूल ऑफ डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के हेड रवींद्रन ने कहा है कि जो स्टूडेंट्स AI में काम करना चाहते हैं, उन्हें GATE डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (DA) पेपर पर ध्यान देना चाहिए.उन्होंने कहा कि भारत को AI का प्रोड्यूसर भी होना चाहिए. साथ ही भारत का AI पर कंट्रोल भी होना चाहिए.
क्या है GATE DA पेपर?
GATE के तहत 30 पेपर आयोजित किए जाते हैं. इसमें एक पेपर डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (DA) भी है.AI एजुकेशन के मद्देनजर इसे बीते सालों में शुरू किया गया है, जो इस डिसिप्लिन में पोस्टग्रेजुएट पढ़ाई और रिसर्च का अवसर उपलब्ध करता है. IIT मद्रास में, डेटा साइंस और AI में M.ech प्रोग्राम में एडमिशन के लिए GATE DA क्वालिफिकेशन जरूरी है.



