एनआईओएस के राष्ट्रीय सम्मेलन का सफल समापन: समावेशी एवं लचीली शिक्षा को मिला नया आयाम

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
दीव।राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) द्वारा दीव में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का मंगलवार को सफल समापन हुआ। यह सम्मेलन ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (माध्यमिक शिक्षा) 2023 के आलोक में मुक्त विद्यालयी शिक्षा का सशक्तिकरण’ विषय पर आयोजित किया गया। सम्मेलन में राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़, केरल एवं महाराष्ट्र के राज्य मुक्त विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।
सम्मेलन के दूसरे दिन विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित सत्र आयोजित किए गए। इनमें विद्यालय से बाहर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से कौशल विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा का विद्यालयी पाठ्यक्रम में समावेशन तथा मुक्त विद्यालयों के राष्ट्रीय संगठन के गठन जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। राज्य मुक्त विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए।
विशेष सत्र शिक्षा वंचितों तक शिक्षा पहुँचना: मुक्त विद्यालयी शिक्षा के माध्यम से विद्यालय से बाहर बच्चों को शिक्षित करना’ में एनआईओएस के सचिव कर्नल शकील अहमद ने ऐसे शिक्षार्थियों तक शिक्षा पहुँचाने के लिए नवाचार आधारित उपायों पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त कौशल विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा संस्थागत समन्वय से संबंधित विषयों पर भी सार्थक विमर्श हुआ।
समापन सत्र में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिपुष्टि साझा करते हुए सम्मेलन के विषयों एवं आयोजन की सराहना की। एनआईओएस के अध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश मिश्र ने अपने संबोधन में मुक्त विद्यालयी शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह प्रणाली उन शिक्षार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है, जो औपचारिक शिक्षा व्यवस्था में स्वयं को सहज नहीं पाते, जैसे खिलाड़ी, कलाकार एवं अन्य प्रतिभाशाली युवा। उन्होंने कहा कि मुक्त विद्यालयी शिक्षा उन्हें अपनी गति एवं सुविधा के अनुसार अध्ययन करने का अवसर प्रदान करती है।
सम्मेलन के दौरान मुक्त विद्यालयों के एक सशक्त राष्ट्रीय समूह (कंसोर्टियम) के गठन पर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया, जिससे सभी राज्य मुक्त विद्यालयों को एक साझा मंच पर लाकर शिक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं समन्वित बनाया जा सके। इस दिशा में राज्य मुक्त विद्यालयों की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
समापन अवसर पर एनआईओएस के निदेशक (शैक्षिक) डॉ. राजीव कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों, प्रतिनिधियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एनआईओएस के सचिव कर्नल शकील अहमद, निदेशक (व्यावसायिक शिक्षा) डॉ. तारकेश्वर नाथ गिरी, एनआईओएस के अधिकारी एवं क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर के क्षेत्रीय निदेशक डॉ राम नारायण मीणा सहित अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


