बाँदा में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, अस्पताल में दोनों पक्षों में मारपीट से बढ़ा तनाव

बाँदा के बबेरू में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष में मारपीट का वीडियो वायरल। पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा बड़ा खुलासा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बाँदा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक परिवार को मातम में डुबो दिया और पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि अस्पताल परिसर में मायके और ससुराल पक्ष के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सामने आएंगे।

कहां और कैसे हुआ हादसा?

यह घटना बबेरू कस्बा की है, जो बाँदा जिला में आता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाहिता घर की छत पर खड़ी होकर मोबाइल फोन चला रही थी। इसी दौरान अचानक चक्कर आने से वह नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल बबेरू सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

अस्पताल में मौत, फिर बढ़ा विवाद

जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने जांच के बाद विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मायके पक्ष का आरोप है कि महिला की हत्या की गई है, जबकि ससुराल पक्ष इसे एक दुर्घटना बता रहा है।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई संवेदनशीलता

अस्पताल परिसर में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई साफ देखी जा सकती है, जिससे घटना और ज्यादा संवेदनशील हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

रिपोर्ट – इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 कल होगा जारी, शाम 4 बजे आएगा हाईस्कूल और इंटर का परिणाम

Related Articles

Back to top button