सीतापुर में सनसनी, हॉस्टल संचालक की संदिग्ध मौत ने खड़े किए कई सवाल

सीतापुर के महमूदाबाद में हॉस्टल संचालक मनोज शुक्ला का रक्तरंजित शव झाड़ियों में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक हॉस्टल संचालक का रक्तरंजित शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनोज शुक्ला (45) के रूप में हुई है, जो पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास एक बॉयज हॉस्टल का संचालन करते थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

हॉस्टल जाने की बात कहकर निकले थे घर से

परिजनों के अनुसार, मनोज शुक्ला शुक्रवार रात करीब नौ बजे घर से हॉस्टल जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 2:30 बजे उनका रक्तरंजित शव झाड़ियों में पड़ा मिला। शव से कुछ दूरी पर उनकी बुलेट बाइक भी बरामद हुई।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों का आरोप है कि मनोज शुक्ला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। उनका कहना है कि मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। फिलहाल यह आरोप हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – वली चौधरी

यह भी पढ़ें: बदायूं में देर रात एनकाउंटर, 25 हजार का इनामी बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button