राजगोपाल के पासपोर्ट रिन्यूअल मामले में हस्तक्षेप करें सुवेंदु : वीडी सतीसन

- कोलकाता पुलिस की नेगेटिव वेरिफिकेशन रिपोर्ट से आई समस्या
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
तिरुअंनतपुरम्। केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीसन ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर द टेलीग्राफ के पूर्व संपादक आर. राजगोपाल के पासपोर्ट रिन्यूअल के मामले में तुरंत दखल देने की मांग की है। बताया जा रहा है कि वोटर लिस्ट से नाम हटने के कारण पुलिस वेरिफिकेशन में नेगेटिव रिपोर्ट आने की वजह से उनका आवेदन रुका हुआ है।
29 जून को लिखे अपने पत्र में सतीसन ने कहा कि उन्हें पता चला है कि प्रतिकूल रिपोर्ट एसआईआर के तहत मतदाता सूची से राजगोपाल का नाम हटाए जाने पर आधारित है। उन्होंने कहा कि चुनावी मामले को उचित अपील प्रक्रिया के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है, लेकिन पुलिस रिपोर्ट के कारण पासपोर्ट के नवीनीकरण में देरी हुई है। अधिकारी से हस्तक्षेप का अनुरोध करते हुए सतीशान ने लिखा, इन परिस्थितियों में मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया इस मामले को तत्काल देखें।
थरूर ने सतीसन के पत्र का किया समर्थन
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सतीसन के दखल का समर्थन करते हुए कहा कि राजागोपाल जैसे मामलों में सभी राजनीतिक दलों के समर्थन की ज़रूरत होती है। एक्स पर थरूर ने लिखा, यह एक मुख्यमंत्री की ओर से दूसरे मुख्यमंत्री के लिए एक अहम पहल है। बेशक, इसका जवाब यही मिलेगा कि यह केंद्र सरकार का मामला है और राज्य सरकार इसे नहीं देख सकती। उन्होंने कहा कि लेकिन सच तो यह है कि जब भी न्याय में इस तरह की गंभीर चूक होती है, तो सभी लोकतांत्रिक भारतीयों को पीडि़तों के समर्थन में एकजुट होना चाहिए, ताकि जल्द से जल्द कोई उचित समाधान निकल सके। थरूर ने यह भी कहा कि राजागोपाल का मामला कोई अकेला मामला नहीं है। उन्होंने लिखा कि ऐसे मामले सरकार के लिए लगातार अनावश्यक शर्मिंदगी का कारण बनते जा रहे हैं।



